राष्ट्रीय मंच पर गूंजी नेपानगर की आवाज! महिला संसद सम्मेलन में विधायक मंजू दादू ने बढ़ाया मध्यप्रदेश का मान
नेपानगर से राष्ट्रीय मंच तक पहुंची मंजू दादू की भागीदारी, प्रथम महिला संसद सम्मेलन में किया प्रदेश का प्रतिनिधित्व
- लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने किया शुभारंभ, देशभर की महिला सांसदों एवं विधायकों ने महिला नेतृत्व और नीति निर्माण पर किया मंथन
बुरहानपुर। नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रथम राष्ट्रमंडल महिला संसद भारत क्षेत्रीय सम्मेलन में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र की भागीदारी को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया। बेंगलुरु स्थित विधान सौध में 17 एवं 18 नवंबर को आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में मध्यप्रदेश से केवल तीन महिला विधायकों को प्रतिनिधित्व का अवसर मिला, जिनमें मंजू दादू भी शामिल रहीं। देशभर की लगभग 135 महिला सांसदों एवं विधायकों की सहभागिता वाले इस सम्मेलन में उनकी भागीदारी महिला नेतृत्व के राष्ट्रीय विमर्श से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर रही। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर सम्मेलन का शुभारंभ किया। राष्ट्रमंडल महिला संसद के भारत क्षेत्र का यह पहला स्वतंत्र क्षेत्रीय सम्मेलन था। इसमें देशभर की महिला जनप्रतिनिधियों ने संसदीय अनुभवों, नेतृत्व क्षमता और लोकतांत्रिक संस्थाओं में महिलाओं की प्रभावी भागीदारी को लेकर विचार साझा किए।
नीति निर्धारण पर जोर
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य महिला जनप्रतिनिधियों को सशक्त मंच उपलब्ध कराना तथा कानून निर्माण, नीति निर्धारण और लोकतांत्रिक निर्णय प्रक्रिया में उनकी भूमिका को अधिक प्रभावी बनाना था। इसके अंतर्गत डिजिटल दुनिया में महिलाओं की सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, तकनीक के सुरक्षित उपयोग और नई महिला विधायकों को अनुभवी जनप्रतिनिधियों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
महिला नेतृत्व को दिशा देने में रहेंगे सहायक
विधायक मंजू दादू ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महिलाओं की भागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। महिला जनप्रतिनिधियों को केवल प्रतिनिधित्व ही नहीं, बल्कि नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में भी अपनी प्रभावी भूमिका निभाने के अवसर मिलने चाहिए। देशभर की महिला सांसदों एवं विधायकों के साथ विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान करना इस सम्मेलन का महत्वपूर्ण पक्ष रहा। ऐसे आयोजन महिला नेतृत्व को नई दिशा देने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को अधिक समावेशी एवं सशक्त बनाने में सहायक हैं।
सम्मेलन में मध्यप्रदेश की ओर से प्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती राधा सिंह, विधायक श्रीमती अनुभा मुंजारे, मध्यप्रदेश विधानसभा के प्रमुख सचिव श्री अरविंद शर्मा ने सहभागिता की।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें