A description of my image rashtriya news नेपानगर में कलेक्टर-SP का औचक निरीक्षण, स्कूलों से अस्पताल और पंचायतों तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

नेपानगर में कलेक्टर-SP का औचक निरीक्षण, स्कूलों से अस्पताल और पंचायतों तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा

शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा करने पहुंचे कलेक्टर एवं एसपी
नेपानगर क्षेत्र में विद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं पंचायत भवनों का किया अवलोकन।

बुरहानपुर शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शासकीय संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर श्री विवेक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने नेपानगर क्षेत्र में भ्रमण किया।
भ्रमण के दौरान नगर परिषद नेपानगर कार्यालय के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया गया। इसी कड़ी में कलेक्टर श्री कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री बागरी ने पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेपानगर में स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय सहित विद्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विद्यालय में पढ़ाए जाने वाले विषयों तथा शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पुस्तकालय में अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर उनकी पढ़ाई का भी अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री कुमार ने विद्यालय स्टाफ से पढ़ाए जाने वाले विषयों, खेलकूद गतिविधियों, खेल सामग्री तथा काउंसलिंग के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियों के लिए भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने विद्यालय में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की बात भी कही। इसके बाद कलेक्टर श्री कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री बागरी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबाड़ा का भी जायजा लिया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सेवाओं का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री विवेक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेपानगर का निरीक्षण कर नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, एनआरसी, जनरल वार्ड सहित विभिन्न कक्षों का बारीकी से अवलोकन किया। इसी कड़ी में रजिस्टरों का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर श्री कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले नागरिकों को समय पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री बागरी ने स्वास्थ्य अधिकारियों से केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
ग्राम पंचायतों में स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान की प्रगति का लिया जायजा
भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने ग्राम पंचायत भवन अंबाड़ा तथा डवालीखुर्द का अवलोकन किया। उन्होंने स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। संबंधित कर्मचारियों से पंजीयन की प्रक्रिया, अब तक हुई प्रगति के संबंध में चर्चा की। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यों का निष्पादन करने एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिये। निरीक्षण के क्रम में कलेक्टर श्री विवेक कुमार ग्राम पंचायत टिटगांव पहुंचे। उन्होंने पंजीयन कार्य कर रहे पटवारी से कार्य की प्रगति के संबंध में चर्चा की एवं पंजीयन कार्यों में तेजी लाने की बात कही। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत एवं एडीएम श्री सृजन वर्मा सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.