नवरात्र पर्व को लेकर नावरा पुलिस अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर मंथन
नवरात्र पर्व को लेकर नावरा पुलिस अलर्ट, शांति समिति की बैठक में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर मंथन
बुरहानपुर। आगामी नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बुरहानपुर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन में नावरा पुलिस चौकी में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, धार्मिक आयोजनों, यातायात और आमजन की सुरक्षा को लेकर चर्चा की गई।
बैठक अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नेपानगर वैभव प्रिया, शाहपुर थाना प्रभारी शहाबुद्दीन कुरैशी एवं नावरा पुलिस चौकी प्रभारी सुनील पाटिल की उपस्थिति में आयोजित हुई। इसमें क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम कोटवार, नगर रक्षा समिति के सदस्यों और ग्रामीणों ने सहभागिता की।
आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से आगामी त्योहारों के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सद्भाव और शांति बनाए रखने की अपील की। धार्मिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों एवं प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और ऐसी गतिविधियों से बचने की समझाइश दी गई, जिनसे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
बैठक में रथयात्रा एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए जुलूस मार्ग, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था जैसे विषयों पर चर्चा की गई। चौकी प्रभारी सुनील पाटिल ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।
अफवाहों पर ध्यान न दें, संदिग्ध गतिविधियों की दें सूचना
पुलिस अधिकारियों ने ग्राम कोटवार एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों से अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
बैठक में नावरा पुलिस चौकी का स्टाफ एवं ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए जिलेभर में तैयारियों की समीक्षा की जा रही है।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं