प्रगति नगर वार्ड में कचरा पृथक्करण को लेकर जन-जागरूकता रैली
प्रगति नगर वार्ड में कचरा पृथक्करण को लेकर जन-जागरूकता रैली
विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता एवं सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त बुरहानपुर का संदेश
बुरहानपुर। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नागरिकों में कचरा पृथक्करण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम बुरहानपुर द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन वार्ड समिति एवं सांदीपनि शासकीय सुभाष स्कूल के छात्र-छात्राओं और शिक्षक-स्टाफ के सहयोग से कचरा पृथक्करण जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने नागरिकों को कचरा स्रोत पर ही अलग-अलग करने, गीला-सूखा सहित विभिन्न प्रकार के कचरे का उचित पृथक्करण करने तथा प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए जागरूक किया। विद्यार्थियों ने प्रभावी नारों के माध्यम से स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
रैली स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर छात्रावास, राजीव वार्ड एवं प्रगति नगर क्षेत्र से होते हुए पुनः स्कूल परिसर में समाप्त हुई। इस दौरान नगर निगम की IEC टीम द्वारा तैयार किए गए आकर्षक मस्कट एवं डस्टबिन स्वरूप बच्चों एवं नागरिकों के आकर्षण का केंद्र रहे। इनके माध्यम से कचरा पृथक्करण एवं प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
विद्यार्थियों ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा—
“कचरा जहां बनता है, वहीं अलग करें, प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक को ना कहें और स्वच्छ बुरहानपुर के निर्माण में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।”
कार्यक्रम में स्वच्छता चेयरमैन श्री धनराज महाजन द्वारा विद्यार्थियों को कचरा पृथक्करण एवं स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया। विद्यार्थियों ने अपने परिवार एवं आसपास के नागरिकों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्वच्छता चेयरमैन श्री धनराज महाजन, विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती परवीन हुसैन , शिक्षकगण, वार्ड सुपरवाइजर, IEC टीम एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
नगर पालिक निगम बुरहानपुर ने नागरिकों से अपील की कि कचरा पृथक्करण को अपनी आदत बनाएं, प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें और स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा-मुक्त बुरहानपुर के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाएं।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं