आंगनवाड़ी केंद्रों की खुली पोल! गरम उपमा के आदेश, बच्चों को नाश्ता तक नहीं—डिप्टी कलेक्टर ने लगाई फटकार
आंगनवाड़ी केंद्रों पर डिप्टी कलेक्टर की औचक दबिश, खुली व्यवस्थाओं की पोल!
गरम उपमा के आदेश, लेकिन केंद्रों पर नाश्ता ही गायब! मेन्यू के मुताबिक भोजन नहीं मिलने पर डिप्टी कलेक्टर तपिश पांडे ने लगाई फटकार।
बुरहानपुर आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को शासन के निर्देशानुसार गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जमीनी हकीकत जानने के लिए डिप्टी कलेक्टर तपिश पांडे ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों को जमकर फटकार लगाई।
डिप्टी कलेक्टर ने शिकारपुरा, शनवारा और राजपुरा क्षेत्र के करीब चार-पांच आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। शुक्रवार को बच्चों के लिए निर्धारित नाश्ते में गरम-गरम उपमा दिया जाना था, लेकिन निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर नाश्ता ही उपलब्ध नहीं पाया गया।
शासन की मंशा है कि आंगनवाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार समय पर गरम और पौष्टिक नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जाए, ताकि बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य का बेहतर ध्यान रखा जा सके। लेकिन निरीक्षण के दौरान जमीनी स्तर पर इसके विपरीत स्थिति सामने आई।
बताया गया कि कुछ केंद्रों पर मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा था, वहीं निर्धारित नाश्ते की व्यवस्था भी नजर नहीं आई। इस पर डिप्टी कलेक्टर तपिश पांडे ने संबंधित कर्मचारियों और जिम्मेदारों को कड़ी फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
औचक निरीक्षण से आंगनवाड़ी केंद्रों में हड़कंप की स्थिति बन गई। अधिकारियों के निरीक्षण ने यह सवाल भी खड़ा कर दिया है कि यदि नियमित रूप से मिलने वाले पोषण आहार और नाश्ते की व्यवस्था ही धरातल पर नहीं हो रही है, तो शासन द्वारा बच्चों के पोषण के लिए किए जा रहे प्रयासों का लाभ आखिर किस तरह बच्चों तक पहुंच रहा है।
डिप्टी कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि बच्चों के पोषण से किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आंगनवाड़ी केंद्रों में निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराने तथा व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
अब देखना होगा कि औचक निरीक्षण में सामने आई इन अनियमितताओं के बाद संबंधित विभाग द्वारा जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई की जाती है और आने वाले दिनों में आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं में कितना सुधार होता है।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें