“जंगली सूअर का शिकार पड़ा भारी, वन विभाग ने आरोपी को दबोचा”
अवैध शिकार पर वन विभाग का शिकंजा, जंगली सूअर के साथ आरोपी गिरफ्तार।
नावरा रेंज की त्वरित कार्रवाई, जाल-बाइक सहित शिकार में प्रयुक्त सामग्री बरामद; एक आरोपी मौके से फरार।
बुरहानपुर वन परिक्षेत्र नावरा अंतर्गत बीट हिवरा के कक्ष क्रमांक 268 में अवैध वन्यजीव शिकार की सूचना पर वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मारे गए जंगली सूअर, बाइक तथा शिकार में प्रयुक्त जाल एवं अन्य सामग्री बरामद की है।
जानकारी के अनुसार वन विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कक्ष क्रमांक 268 में कुछ लोगों द्वारा जंगली सूअर का अवैध शिकार किया गया है। सूचना मिलते ही नावरा रेंज के वन अमले ने तत्काल टीम गठित कर मौके की घेराबंदी की। वनकर्मियों की कार्रवाई के दौरान कपूरसिंह पिता गोकुल, निवासी भीलखेड़ी को मारे गए जंगली सूअर के साथ पकड़ लिया गया।
मौके से शिकार में प्रयुक्त जाल और अन्य सामग्री के साथ बाइक भी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी वन अमले को चकमा देकर मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश की जा रही है।
वन विभाग ने पकड़े गए आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को जांच में लिया है। वन विभाग द्वारा प्रकरण की विवेचना जारी है तथा फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
वन विभाग की इस कार्रवाई से अवैध वन्यजीव शिकार करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग द्वारा जंगलों में वन्यजीवों की सुरक्षा और अवैध शिकार पर रोक लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही गई है।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं