पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने ली अपराध समीक्षा बैठक
आगामी गणेश उत्सव की तैयारियों की भी की समीक्षा
जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पुलिस अधीक्षक श आशुतोष बागरी द्वारा आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित सभा गृह में जिले के समस्त थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं आगामी गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना प्रभारियों से उनके थाना क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए अपराधों की रोकथाम, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण एवं आमजन की सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपराध समीक्षा के दौरान दिए गए प्रमुख निर्देश
महिला एवं बालिका सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग एवं निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
महिला एवं बालिकाओं से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई एवं प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश।
संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए संदिग्ध व्यक्तियों एवं पूर्व अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा गया।
चोरी, नकबजनी एवं वाहन चोरी जैसे अपराधों की रोकथाम हेतु रात्रि गश्त एवं प्रभावी चेकिंग बढ़ाने के निर्देश।
अवैध शराब, जुआ-सट्टा, मादक पदार्थों एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश।
लंबित अपराधों, लंबित चालानों एवं जांच में लंबित प्रकरणों की थाना स्तर पर नियमित समीक्षा कर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
फरार आरोपियों, स्थायी वारंटियों एवं वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश।
गंभीर एवं चिन्हित अपराधों में आरोपियों के विरुद्ध त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश।
अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आदतन अपराधियों की निगरानी एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पर विशेष जोर दिया गया।
थाना क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यता बढ़ाने, नियमित पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण कर पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने के निर्देश।
आगामी गणेश उत्सव की तैयारियों की थाना-वार समीक्षा बैठक में आगामी गणेश उत्सव को लेकर सभी थाना प्रभारियों से उनके-अपने थाना क्षेत्रों में की जा रही पूर्व तैयारियों की थाना-वार जानकारी ली गई। पुलिस अधीक्षक ने आयोजन स्थलों, गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों, विसर्जन मार्गों एवं प्रमुख धार्मिक/सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
इस दौरान थाना प्रभारियों को दिए आवश्यक दिशा निर्देश
गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों एवं प्रमुख आयोजन स्थलों का पूर्व से निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें।
आयोजकों एवं समितियों के साथ बैठक कर शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं आवश्यक अनुमतियों की जानकारी दें।
गणेश पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, आपातकालीन निकासी एवं अग्निशमन व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए।
संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं लगातार पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए।
विसर्जन मार्ग एवं विसर्जन स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर यातायात एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाए।
जुलूस के मार्ग, समय एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आयोजन समितियों से समन्वय स्थापित किया जाए।
जुलूस एवं विसर्जन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए आवश्यक डायवर्जन एवं बैरिकेडिंग की पूर्व तैयारी की जाए।
प्रमुख स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित की जाए।
सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर निगरानी रखते हुए तत्काल तथ्यात्मक जानकारी साझा की जाए।
धार्मिक आयोजन के दौरान आपसी भाईचारा, सद्भाव एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आयोजकों एवं आमजन से निरंतर संवाद किया जाए।
डीजे, ध्वनि विस्तारक यंत्र, जुलूस एवं अन्य आयोजनों के संबंध में लागू नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए।
महिला एवं बच्चों की सुरक्षा के लिए भीड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी एवं आवश्यक पुलिस व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।
किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम एवं आपातकालीन व्यवस्था को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
गणेश उत्सव के दौरान असामाजिक तत्वों एवं उपद्रवियों पर विशेष निगरानी रखते हुए आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी गणेश उत्सव के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में पूर्व से आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आपसी समन्वय एवं सतर्कता के साथ कार्य करें।
बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद सिंह कुशवाह, डीएसपी श्री सुनील दीक्षित, रक्षित निरीक्षक श्री नितेश राठौर, जिले के समस्त थाना प्रभारी/चौकी प्रभारी एवं कार्यालयीन अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।*
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं