A description of my image rashtriya news पीएम आवास योजना में भ्रष्टाचार की खुली पोल: खकनार कला के ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 10 से 25 हजार तक अवैध वसूली के आरोप - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

पीएम आवास योजना में भ्रष्टाचार की खुली पोल: खकनार कला के ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 10 से 25 हजार तक अवैध वसूली के आरोप

पीएम आवास योजना में भ्रष्टाचार की खुली पोल: खकनार कला के ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, 10 से 25 हजार तक अवैध वसूली के आरोप।

बुरहानपुर जिले की ग्राम पंचायत खकनार कला में प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में व्यापक स्तर पर धांधली और भ्रष्टाचार का गंभीर मामला सामने आया है। पंचायत के वार्ड पंचों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर को एक लिखित शिकायत ज्ञापन सौंपा है, जिसमें सचिव, अधिकारियों और तकनीकी अमले पर खुलेआम अवैध वसूली और फर्जीवाड़े के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
पात्रों का हक मारकर अपात्रों को लाभ देने का आरोप
शिकायत पत्र में ग्रामीणों ने खुलासा किया है कि ग्राम पंचायत में खुलेआम तानाशाही और मनमानी चल रही है। जरूरतमंदों और वास्तविक पात्र हितग्राहियों के आवासों को योजना के तहत "निरस्त योजना" बताकर उनका हक छीना जा रहा है। दूसरी ओर, अपात्र लोगों को अनुचित लाभ पहुंचाया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि आवास स्वीकृत कराने के एवज में सचिव, अधिकारियों और उपयंत्री द्वारा 10,000 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक की खुली वसूली की जा रही है। पैसे न देने वाले हितग्राहियों को सीएम हेल्पलाइन या अन्य माध्यमों से डराया-धमकाया जाता है।
बिना काम के किश्तें जारी करने और दस्तावेजों में हेरफेर की आशंका
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि पंचायत में भारी अनियमितताएं बरती जा रही हैं। कई मामलों में बिना ईंट या जमीन पर निर्माण कार्य शुरू किए ही किश्तें जारी कर दी गई हैं, जिससे शासकीय राशि के बड़े घोटाले की आशंका जताई जा रही है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि यदि इस मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, तो कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
बीएनएस की धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की मांग
पंचों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द से जल्द इस भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगाई गई और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम नहीं उठाए गए, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से वार्ड पंच राजेंद्र सुखदेव (वार्ड क्र. 04), प्रतीक विनोद (वार्ड क्र. 05), सीमा अजय (वार्ड क्र. 06), संतोष साजनकर (वार्ड क्र. 10) और भरत सुनील (वार्ड क्र. 11) सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस पूरे भ्रष्टाचार के प्रकरण में बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।


कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.