बारिश और आपदा को लेकर हाई अलर्ट, प्रभारी मंत्री सिलावट का सख्त आदेश- लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने ली समीक्षा बैठक
बारिश एवं आपदा प्रबंधन को लेकर प्रशासन को सतर्क रहने के दिए निर्देश
आमजनों की समस्याओं को सुनते हुए त्वरित कार्यवाही हेतु अधिकारियों को किया निर्देशित
बुरहानपुर जल संसाधन विभाग एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने एक दिवसीय प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों, योजनाओं एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए सभी विभाग पूर्ण सतर्कता, संवेदनशीलता एवं समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने निर्देशित किया कि प्रवेशोत्सव के तहत शालाओं में विद्यार्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। छात्रावासों में भी विद्यार्थियों की सुरक्षा के कड़े इंतजाम एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ पात्र विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने जिले में क्षतिग्रस्त एवं जर्जर भवनों को चिन्हित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने ग्रामीण क्षेत्रों में वर्षा के दौरान जलभराव वाले गड्ढों को चिन्हित कर तत्काल भरने एवं सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही सड़कों की मरम्मत एवं सुधार कार्यों में तेजी लाने की बात कही गयी।
उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं मजबूत रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सतत् मॉनिटरिंग करते हुए समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए आमजनों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने सुनी आमजनों की समस्याएं
सर्किट हाउस में ही जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता, संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ सुना। प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब ना करें एवं शीघ्र निराकरण किया जाये।
इस दौरान वन, विद्युत, जल संसाधन सहित अन्य विभागों से संबंधित आवेदनों पर सुनवाई की गई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों एवं आवेदनों का समय-सीमा में प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। बैठक के दौरान बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम मार्को, जिला अध्यक्ष श्री मनोज माने, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, एसपी श्री आशुतोष बागरी, सीईओ एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं