योग से गूंजा नेपा लिमिटेड का ऑडिटोरियम, स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच का दिया संदेश
योग से गूंजा नेपा लिमिटेड का ऑडिटोरियम, स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच का लिया संकल्प
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने किया योग और प्राणायाम, स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग का दिया संदेश
बदलती जीवनशैली, बढ़ते तनाव और स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों के दौर में योग आज पूरी दुनिया में स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का पर्याय बन चुका है।
शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का संदेश देने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारी उद्योग मंत्रालय भारत सरकार के उपक्रम नेपा लिमिटेड के ऑडिटोरियम में योग एवं प्राणायाम कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम "स्वस्थ एवं सक्रिय वृद्धावस्था के लिए योग" के अनुरूप प्रतिभागियों को योग के माध्यम से निरोग, सक्रिय और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य महाप्रबंधक एवं कारखाना प्रबंधक राम अलागेसन रहे। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। योग और प्राणायाम को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है तथा कार्यस्थल पर दक्षता, एकाग्रता और सकारात्मकता में वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से नियमित योगाभ्यास को जीवनशैली का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
उप महाप्रबंधक कार्य एवं वाणिज्य सुरेंद्र मेहता ने कहा कि योग स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन का आधार है। नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और कार्यक्षमता को भी सुदृढ़ करता है।
योग प्रशिक्षक राजेश सविता ने योग एवं प्राणायाम के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन और वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। उन्होंने अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास भी करवाया तथा बताया कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ वृद्धावस्था, तनाव प्रबंधन और समग्र स्वास्थ्य के लिए अत्यंत प्रभावी साधन है।
कार्यक्रम का संचालन सहायक अधिकारी विपणन गजानन यादव ने किया। आभार सहायक प्रबंधक पेपर मशीन प्रशांत सोनी ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रबंधक कार्मिक एवं प्रशासन ज्ञानेश्वर खैरनार, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार झंझडीवाल, प्रबंधक पेपर मशीन के.के. देशमुख, प्रबंधक वित्त एवं आईटी संजीव कानडे, उप प्रबंधक पावर हाउस सीएन वर्मा, उप प्रबंधक वाणिज्य सुनील कुलथे, उप प्रबंधक पावर हाउस अनिल करोले, उप प्रबंधक पावर हाउस स्वतंत्र कसेरा, विभागाध्यक्ष श्रम कल्याण विभाग दिनेश सोवले, नेपा मिल श्रमिक संघ से अनीस मंसूरी, मुकेश चौहान सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संदीप ठाकरे
जन संपर्क अधिकारी
नेपा लिमिटेड
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं