A description of my image rashtriya news "1 करोड़ 96 लाख का नपा भवन बना चर्चा का विषय, शुभारंभ से पहले ही टूटने लगीं टाइल्स" - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

"1 करोड़ 96 लाख का नपा भवन बना चर्चा का विषय, शुभारंभ से पहले ही टूटने लगीं टाइल्स"

शुभारंभ से पहले ही उखड़ने लगीं टाइल्स, 1.96 करोड़ के नपा भवन में दिखने लगी घटिया निर्माण की दरारें।

संवाददाता प्रदीपसिंह 

नेपानगर। नगर पालिका परिषद नेपानगर के नए कार्यालय भवन के निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लगभग 1 करोड़ 96 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस भवन का लोकार्पण 15 मार्च 2026 को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा किया गया था, लेकिन विडंबना यह है कि लोकार्पण के कई महीने बाद भी भवन में नगर पालिका कार्यालय का संचालन शुरू नहीं हो सका है।
इधर, भवन के शुरू होने से पहले ही निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगने लगे हैं। भवन परिसर में कई स्थानों पर लगी टाइल्स उखड़ने और टूटने लगी हैं, जबकि कुछ जगहों पर टाइल्स के बीच गैप भी दिखाई देने लगे हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए भवन में यदि उपयोग शुरू होने से पहले ही इस प्रकार की खामियां सामने आने लगें, तो यह निर्माण कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता की कमी को दर्शाता है। लोगों ने निर्माण कार्य की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
मामले को लेकर जब संबंधित ठेकेदार से फोन पर चर्चा की गई, तो उन्होंने बताया कि भवन का निर्माण कार्य अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। जहां-जहां टाइल्स टूटी या उखड़ी हैं, उन्हें रिपेयर कर दिया जाएगा।
वहीं, नगर पालिका के इंजीनियरों और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा अब तक इस समस्या की ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दिए जाने से भी लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.