कलेक्टर श्री सिंह ने ली समय सीमा की बैठक पेयजल आपूर्ति, सीएम हेल्पलाइन, फॉर्मर रजिस्ट्री एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा की गयी
कलेक्टर श्री सिंह ने ली समय सीमा की बैठक
पेयजल आपूर्ति, सीएम हेल्पलाइन, फॉर्मर रजिस्ट्री एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा की गयी
बुरहानपुर कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा की बैठक में कलेक्टर श्री हर्ष सिंह द्वारा विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में नगरीय निकायों के प्रमुख अधिकारियों को ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए नागरिकों को नियमित एवं सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही पेयजल गुणवत्ता बनाए रखने हेतु लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से सतत् मॉनिटरिंग करने एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने की बात कही गयी।
सांख्यिकी, कृषि, स्वास्थ्य एवं सहकारिता विभाग ने किया शिकायतों का प्रभावी निराकरण
बैठक में सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। वहीं सांख्यिकी, कृषि, स्वास्थ्य एवं सहकारिता विभाग द्वारा शिकायतों के निराकरण में किए गए बेहतर कार्यों की सराहना करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को और बेहतर कार्य करने हेतु प्रेरित किया। जिन विभागों का प्रदर्शन अपेक्षाकृत कम रहा, उन्हें कार्यप्रणाली में सुधार लाते हुए शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री सिंह ने विभागीय अधिकारियों को परख एप के निरीक्षण प्रतिवेदनों की समीक्षा करते हुए निरीक्षणों में प्राप्त कमियों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने की बात कही। बैठक में पेट्रोल पंपों के निरीक्षण एवं ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने शासन से संबंधित प्रकरणों में समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिये। उन्होंने लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
जिले की धरोहरों के संरक्षण हेतु दिये आवश्यक निर्देश
बैठक में ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के संबंध में भी चर्चा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम को निर्देशित किया कि परकोटे को उसके मूल स्वरूप में संरक्षित करने एवं गेट संरक्षण के संबंध में विस्तृत परियोजना तैयार कर प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण जिले की सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा विषय है, इसलिए इस दिशा में गंभीरता से कार्य किया जाए।
प्रतिदिन कार्यों की मॉनिटरिंग करें
राजस्व वसूली कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने की बात कही। वहीं फॉर्मर रजिस्ट्री कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने कृषि विभाग के साथ विशेष शिविर आयोजित कर किसानों का पंजीयन कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसीलदारों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन शाम को पटवारियों से कार्यों की समीक्षा कर प्रगति की मॉनिटरिंग करें।
बैठक में जर्जर स्कूल भवनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित विभाग को जिले के जर्जर स्कूल भवनों की विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा आवश्यकतानुसार त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा सहित समस्त विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं