नर्मदा नहर पाइपलाइन में बड़ा घोटाला! टूटी लाइन से बह रहा लाखों लीटर पानी, किसानों में आक्रोश।
नर्मदा नहर पाइपलाइन में बड़ा घोटाला! टूटी लाइन से बह रहा लाखों लीटर पानी, किसानों में आक्रोश।
खंडवा/नर्मदा नहर परियोजना की पाइपलाइन में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है, जहां ब्रह्मगीर महाराज गुरुगादी आश्रम के पास पाइपलाइन टूटने से लाखों लीटर पानी बेकार बह रहा है।
इस गंभीर लापरवाही के चलते ग्राम अमलपुरा और भावसिगपुरा के किसानों की सिंचाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे किसानों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
स्थानीय किसानों का आरोप है कि इस परियोजना में ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों द्वारा गुणवत्ता की अनदेखी की गई है। पाइपलाइन की खराब स्थिति से साफ जाहिर होता है कि निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही बरती गई है।
किसानों का कहना है कि उन्हें इस योजना से कोई लाभ नहीं मिल रहा, बल्कि वे खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।
क्षेत्रीय जनपद पंचायत खंडवा के उपाध्यक्ष मदनलाल तिरोले ने बताया कि इस समस्या को लेकर वे करीब दो महीने पहले ही समाचार पत्रों, सोशल मीडिया और सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उनका कहना है कि टेस्टिंग के दौरान ही पाइपलाइन फूट जाना इस परियोजना की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े करता है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो आने वाले समय में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने उच्च अधिकारियों, सांसद और विधायक से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब देखने वाली बात यह होगी कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करते हैं।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं