वन क्षेत्र में बाघ शावक की संदिग्ध मौत! वन विभाग अलर्ट मोड में, जांच शुरू।
वन क्षेत्र में बाघ शावक की संदिग्ध मौत! वन विभाग अलर्ट मोड में, जांच शुरू।
बुरहानपुर। जिले के वन क्षेत्र से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक बाघ शावक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस घटना के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 2 अप्रैल 2026 को वन भूमि कक्ष क्रमांक 355 बीट धामनगांव में एक बाघ शावक मृत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्रित किए गए।
वन विभाग द्वारा शावक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपस्थित रही। पोस्टमार्टम के बाद शावक का विधिवत अंतिम संस्कार किया गया। साथ ही घटनास्थल के आसपास सघन सर्चिंग अभियान चलाकर संभावित कारणों की जांच की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी भी कराई गई है, ताकि जांच में किसी भी प्रकार की चूक न हो। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है, जिसके चलते वन विभाग हर पहलू से जांच कर रहा है।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही या अपराध सामने आता है, तो संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल टीम द्वारा आसपास के क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।
इस घटना ने वन्यजीव सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर वन विभाग की जांच पर टिकी है कि बाघ शावक की मौत के पीछे असली कारण क्या है और क्या दोषियों पर कार्रवाई होगी।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं