“किसानों के हक की लड़ाई तेज: बुरहानपुर में कांग्रेस का हल्ला बोल, सरकार पर वादाखिलाफी के आरोप”
बुरहानपुर जिले में हाल ही में आई तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। इसी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं, तो आंदोलन उग्र किया जाएगा।
किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर व ग्रामीण) ने राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर किसान विरोधी नीतियों और प्रशासनिक लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्राकृतिक आपदा के बाद भी किसानों को राहत नहीं मिल पा रही है, जिससे वे गंभीर संकट में हैं।
कांग्रेस ने प्रमुख मांगों में केला फसल के लिए बीमा योजना लागू करने, समर्थन मूल्य पर गेहूं-चना की खरीदी तुरंत शुरू करने, प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का शत-प्रतिशत मुआवजा देने और उपार्जन केंद्रों की अव्यवस्थाएं सुधारने की बात कही है।
ग्रामीण जिला अध्यक्ष रविंद्र महाजन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया, तो कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी। वहीं शहर जिला अध्यक्ष रिंकू टॉक ने कहा कि किसानों को हर स्तर पर परेशानी झेलनी पड़ रही है और जल्द राहत नहीं मिलने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं