A description of my image rashtriya news 70वें नेपा दिवस पर गूंजा एकजुटता का संदेश—सीएमडी नरेश सिंह बोले, ‘भेदभाव मिटेगा तो नेपा बनेगा भारत का गौरव। - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

70वें नेपा दिवस पर गूंजा एकजुटता का संदेश—सीएमडी नरेश सिंह बोले, ‘भेदभाव मिटेगा तो नेपा बनेगा भारत का गौरव।

नेपा एक परिवार है—भेदभाव रहित एकजुटता ही बनाएगी इसे भारत का गौरव : सीएमडी नरेश सिंह 70वें ‘नेपा दिवस’ पर नेपा लिमिटेड में गरिमामय आयोजन, उत्पादन पुनः प्रारंभ होने से नई संभावनाओं को मिली गति।


एशिया महाद्वीप की प्रमुख एवं प्राचीन शासकीय कागज मिलों में शुमार, केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय के उपक्रम नेपा लिमिटेड में रविवार को 70वां स्थापना दिवस ‘नेपा दिवस’ सीएमडी नरेश सिंह के नेतृत्व में गरिमा, उत्साह और आत्मविश्वास के वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने संस्थान की गौरवशाली औद्योगिक विरासत को रेखांकित करते हुए पुनः प्रारंभ हुई उत्पादन प्रक्रिया के साथ नई संभावनाओं को सशक्त दिशा प्रदान की।


कार्यक्रम का शुभारंभ मिल के मुख्य द्वार पर सीएमडी नरेश सिंह द्वारा नेपा ध्वज के ध्वजारोहण से हुआ। तत्पश्चात कारखाना परिसर में पंडित ईशान व्यास ने सीएमडी नरेश सिंह को सपत्नीक विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा का पूजन कराया। इसके बाद अनाम श्रमिक स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रमिकों के अमूल्य योगदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।



अपने उद्बोधन में सीएमडी नरेश सिंह ने नेपा को एक परिवार की संज्ञा देते हुए कहा कि छोटा परिवार तभी सुखी और सशक्त बनता है, जब उसमें किसी प्रकार का भेदभाव न हो। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों से एकजुट होकर संस्थान को सशक्त बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से कठिनाइयां और चुनौतियां स्वतः सरल हो जाती हैं।



सीएमडी नरेश सिंह ने कहा कि कर्मचारियों के परिश्रम और पुरुषार्थ का ही परिणाम है कि अल्प समय में उत्पादन प्रक्रिया पुनः प्रारंभ की जा सकी है। 


नेपा के कागज की बाजार में मजबूत मांग का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि उत्पादन प्रारंभ होते ही क्रेताओं की लंबी सूची तैयार हो चुकी है, जो संस्थान की गुणवत्ता और विश्वसनीयता का प्रमाण है।


उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि सभी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहे, तो नेपा लिमिटेड प्रतिस्पर्धी औद्योगिक परिदृश्य में पुनः भारत का गौरव बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होने पर कर्मचारियों के हितों की पूर्ति सुनिश्चित होगी, वेतन समय पर प्राप्त होगा तथा बाजार में नेपा उत्पादों की सुदृढ़ उपस्थिति बनी रहेगी।


सीएमडी ने कार्यस्थल पर भेदभाव रहित, भयमुक्त एवं सम्मानपूर्ण वातावरण की आवश्यकता पर बल देते हुए इसे संस्थान की सतत प्रगति का आधार बताया।


जन संपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने बताया कि कार्यक्रम के समापन पर सीएमडी ने पेपर मशीन एवं सेल्स गोदाम में स्थित ऐतिहासिक शिलालेखों पर पुष्पांजलि अर्पित की।


इस अवसर पर उप महाप्रबंधक वाणिज्य, कार्य एवं कारखाना प्रबंधक सुरेंद्र मेहता, वरिष्ठ प्रबंधक कार्मिक एवं प्रशासन ज्ञानेश्वर खैरनार, ऑफिसर्स स्टाफ एसोसिएशन अध्यक्ष और विभागाध्यक्ष पेपर मशीन महेंद्र केशरी, प्रबंधक पेपर मशीन केके देशमुख, प्रबंधक अनुरक्षण विजय चौधरी, वरिष्ठ परामर्शदाता औद्योगिक संरक्षा किशन पटेल, प्रबंधक आईटी एवं वित्त संजीव कानडे, प्रबंधक विद्युत किशोर महाजन, वरिष्ठ परामर्शदाता विपणन प्रशांत कुमार बैथालू, नेपा लिमिटेड अस्पताल के उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर अनिल कुमार झंझडीवाल, उप प्रबंधक पावर हाउस सुधीर कुमार पटले, उप प्रबंधक पावर हाउस सीएन वर्मा, उप प्रबंधक वाणिज्य सुनील कुमार कुलथे, उप प्रबंधक वित्त विकास रेड्डी, उप प्रबंधक डीआईपी चिराग चौधरी, सहायक प्रबंधक पावर हाउस अनिल करोले, सहायक प्रबंधक पेपर मशीन प्रशांत सोनी, विभागाध्यक्ष सुरक्षा संजय पवार, विभागाध्यक्ष कर्मचारी संबंध एवं कल्याण दिनेशचंद्र सोवले, विभागाध्यक्ष बीएमटी चंद्रमोहन मिश्रा, नेपा मिल श्रमिक संघ अध्यक्ष प्रवीण सोनी, सुषमा सुशील गौर, ऋतिका भमोरे, डॉक्टर मोनिया मोहिंदर यादव, संगीता ठाकुर, दिव्या प्रजापति सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन और आभार सहायक अधिकारी सेल्स गोदाम गजानन यादव ने किया।


कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.