नेपानगर जंगल में बवाल—अतिक्रमण हटाने पहुँची टीम पर पथराव, 190 हेक्टेयर में चला बुलडोजर!
नेपानगर वन परिक्षेत्र, बुरहानपुर वनमंडल के अंतर्गत झांझर क्षेत्र में चलाए जा रहे अतिक्रमण निरोधी अभियान के दौरान अतिक्रमणकारियों के एक समूह द्वारा संयुक्त कार्यबल पर पथराव किया गया। यह टास्क फाॅर्स वन विभाग, पुलिस विभाग एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों/कर्मचारियों से मिलकर गठित था।
अतिक्रमण बेदखली कार्यवाही से पूर्व सभी अतिक्रमणकारियों को पूर्व में विधिवत बेदखली नोटिस जारी किए गए थे
परंतु अतिक्रमणकारियों द्वारा अपना अतिक्रमण नहीं हटाया ।
आज जब वन पुलिस और राजस्व विभाग का संयुक्त दल कार्यवाही करने
पहुंचा तो कार्यवाही का विरोध करते हुए पथराव कर दिया गया।
साथ ही अतिक्रमण रोधी कार्यवाही में लगी तीन जेसीबी मशीनों के कांच फोड़ दिए तथा एक जेसीबी चालक के सिर में चोट आई जिसे तत्काल मौके पर मौजूद एम्बुलेंस से जिला अस्पताल ले जाया गया । उपचार के उपरांत घायल जेसीबी चालक खतरे से बाहर है।
पथराव की घटना के बावजूद टीम द्वारा कार्रवाई जारी रखते हुए लगभग 190 हेक्टेयर क्षेत्र से 49 अवैध रूप से बनाए गए आधे अधूरे अस्थायी झोपड़ियों को हटाया गया तथा अतिक्रमण रोधी ट्रेंच खोदी गई।
इस घटना में एक राजस्व निरीक्षक, एक पटवारी एवं एक जेसीबी चालक घायल हुए। जेसीबी चालक को उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहाँ अब उनकी स्थिति सामान्य है। जो भी इस घटना में शामिल थे उनके खिलाफ वन अपराध दर्ज कर विधि सम्मत कार्यवाही की जा रही है।
इस कार्यवाही में बुरहानपुर के डीएफओ श्री विद्याभूषण सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अंतर सिंह कनेश, भारतीय वन सेवा प्रशिक्षु श्री अजय गुप्ता, एसडीएम श्री भागीरथ वाखला, एसडीओ (वन) बुरहानपुर श्री अजय सागर, एसडीओ (वन) नेपानगर श्री विक्रम सुल्या, SDO(probationer) शिवम गौतम सहित लगभग 500 अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
वन विभाग द्वारा उक्त कार्यवाही हेतु बुरहानपुर, खंडवा, बड़वाह, खरगोन से बल बुलाया गया।
वन विभाग द्वारा वन भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही नियमानुसार आगे भी जारी रहेगी।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं