जंगल में शिकार का खेल बेनकाब! वन विभाग-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जंगली सूअर का मांस और हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
जंगल में शिकार का खेल बेनकाब! वन विभाग-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जंगली सूअर का मांस और हथियारों के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
बुरहानपुर/शाहपुर।
वन्यजीवों के अवैध शिकार के खिलाफ वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई शाहपुर वन परिक्षेत्र में 13 मार्च 2026 की रात करीब 9 बजे पुलिस थाना शाहपुर की सूचना पर की गई। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से जंगली सूअर का करीब 8 किलो मांस बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार आरोपियों की पहचान बलवलीसिंह पिता कमालसिंह (35 वर्ष) और मेहदूरसिंह पिता बहादुरसिंह (38 वर्ष) निवासी ग्राम भीलखेडी, पोस्ट कुमठा, तहसील शाहपुर, जिला खंडवा (म.प्र.) के रूप में की गई है। वन विभाग की टीम ने मौके से एक बड़ा चाकू, दो दरांती, एक जाल और दो पहिया वाहन भी जब्त किया है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने बंगाल गांव के पास आरक्षित वन क्षेत्र में खेत की मेढ़ के पास जाल लगाकर जंगली सूअर का शिकार किया था। इसके बाद धारदार हथियारों से काटकर मांस को टुकड़ों में बांटकर बेचने की तैयारी की जा रही थी। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
इस मामले में आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई के दौरान वन परिक्षेत्राधिकारी शाहपुर सुश्री श्यामलता मेरावी, परिक्षेत्र सहायक मोहन, अरुण सातव, ब्रजलाल निमकर, अजय वामने, वनरक्षक अभिषेक शर्मा और सुरक्षा श्रमिक सुनील तायड़े सहित वन विभाग की टीम मौजूद रही।
वन विभाग ने कहा है कि जंगलों में अवैध शिकार करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं