A description of my image rashtriya news तीन दिन से धधक रहा आमगांव का जंगल! रात में पहाड़ियों पर आग का नजारा ‘महाराजा की शादी की लाइटिंग’ जैसा” - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

तीन दिन से धधक रहा आमगांव का जंगल! रात में पहाड़ियों पर आग का नजारा ‘महाराजा की शादी की लाइटिंग’ जैसा”

“तीन दिन से धधक रहा आमगांव का जंगल! रात में पहाड़ियों पर आग का नजारा ‘महाराजा की शादी की लाइटिंग’ जैसा”
बुरहानपुर।
बुरहानपुर जिले के बोदरली रेंज के सर्कल आमगांव क्षेत्र के जंगलों में पिछले तीन दिनों से भीषण आग लगी हुई है। तेज हवाओं के कारण यह आग लगातार जंगल के बड़े हिस्से में फैलती चली गई, जिससे कई पेड़ों और वन संपदा को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। आग की लपटों से घबराकर जंगलों में रहने वाले जंगली जानवर भी अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार यह आग आमगांव क्षेत्र की ऊंचा टेकड़ा नामक पहाड़ी पर लगी है। रात के समय जब पहाड़ियों पर आग की लपटें दूर-दूर तक फैलती हुई दिखाई देती हैं तो गांव से यह दृश्य ऐसा लगता है मानो किसी महाराजा की शादी में पहाड़ियों पर जगमगाती लाइटिंग लगाई गई हो। हालांकि यह दृश्य जितना आकर्षक दिखता है, उतना ही जंगल और वन्यजीवों के लिए खतरनाक साबित हो रहा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ लोग सलाई के पेड़ों से अधिक मात्रा में गोंद (सलाई गोंद) निकालने के लालच में जंगल में आग लगा देते हैं। जानकारों का मानना है कि आग की गर्मी से सलाई के पेड़ों में गोंद अधिक मात्रा में निकलना शुरू हो जाता है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं।
वन विभाग की टीम लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हुई है, लेकिन जंगल की आग को बुझाना आसान नहीं होता। दुर्गम पहाड़ी इलाकों और तेज हवाओं के कारण आग को नियंत्रित करने में काफी कठिनाई आ रही है। हालांकि तीन दिनों से जल रही पहाड़ी की आग अब धीरे-धीरे कम होती नजर आ रही है।
वन विभाग के कर्मचारी मौके पर लगातार निगरानी रखते हुए आग बुझाने का काम कर रहे हैं, ताकि जंगल और वन्यजीवों को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। वहीं ग्रामीणों ने भी जंगल में आग लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.