पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट ईंधन की बिक्री बंद
पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट ईंधन की बिक्री बंद
बिना हेलमेट पहुंचे चालकों को पेट्रोल पंप से लौटाया जा रहा वापस
- कलेक्टर का आदेश-पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट ईंधन की बिक्री बंद
- सुरक्षा को दी जा रही प्राथमिकता
नारायणगंज में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ नियम प्रभावी, पंप प्रबंधन ने शुरू की कड़ाई
नैनपुर . जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए मण्डला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी किए गए आदेश का असर अब धरातल पर दिखने लगा है। इसी क्रम में नारायणगंज नगर के टिकरिया रोड स्थित हरि जानकी पेट्रोल पंप पर अब बिना हेलमेट वाले दुपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल देना पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
नियमों का कड़ाई से पालन
जिला प्रशासन ने मोटरयान अधिनियम 1988 की धारा 129 का हवाला देते हुए स्पष्ट किया है कि दुपहिया वाहन चालक और पीछे बैठी सवारी, दोनों के लिए मानक हेलमेट पहनना अनिवार्य है। आदेश के तहत जिले के सभी पेट्रोल पंपों को निर्देशित किया गया है कि हेलमेट न पहनने वाले चालकों को ईंधन प्रदाय न किया जाए।
स्टाफ दे रहा समझाइश
हरि जानकी पेट्रोल पंप के प्रबंधन और स्टाफ द्वारा इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। पेट्रोल लेने पहुंच रहे बिना हेलमेट वाले चालकों को स्टाफ द्वारा स्पष्ट रूप से मना किया जा रहा है और उन्हें पहले अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट धारण करने की समझाइश दी जा रही है।
प्रशासन की इस पहल से जहां एक ओर वाहन चालकों में शुरुआती झिझक देखी गई, वहीं दूसरी ओर जागरूक नागरिकों ने इसे जीवन सुरक्षा की दिशा में एक बड़ा और प्रभावी कदम बताया है।
rashtriya news

कोई टिप्पणी नहीं