गिट्टी खदान में मिले शव की गुत्थी सुलझी
गिट्टी खदान में मिले शव की गुत्थी सुलझी
मंडला पुलिस ने किया अंधी हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
- जमीन विवाद और पुरानी रंजिश ने बनाया कातिल
- महिला की हत्या कर पत्थर बांधकर खदान में फेंका था शव
कफन में पत्थर बांधकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश नाकाम, मंडला पुलिस ने सुलझाया हरौती बाई हत्याकांड
मंडला . पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के कुशल निर्देशन में मण्डला पुलिस ने थाना महाराजपुर क्षेत्र अंतर्गत हुई एक महिला की अंधी हत्या का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी संदीप भलावी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पुरानी रंजिश के चलते इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया था।
बताया गया कि बीते 18 जनवरी को बंजाराटोला खुर्शीपार स्थित एक गिट्टी खदान के पानी भरे गड्ढे में एक अज्ञात महिला का शव मिला था। शव की पहचान हरौती बाई (निवासी खोहरी) के रूप में हुई, जो 6 जनवरी से लापता थीं। शव परीक्षण में पाया गया कि साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से मृतिका के सिर और कमर में पत्थरों से भरी बोरियां बांधी गई थीं और गले में गमछा लिपटा हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी मण्डला पीयूष मिश्रा के नेतृत्व में एसआईटी (SIT) का गठन किया गया।
हत्या की वजह: जमीन विवाद और गाली-गलौज
तकनीकी जांच और पूछताछ के दौरान संदेही संदीप भलावी (24 वर्ष) ने अपना जुर्म स्वीकार किया। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी के पिता का खेत वर्ष 2015 से मृतिका के पुत्र के पास ठेके पर था, जिसे लेकर दोनों परिवारों में विवाद था। घटना से दो दिन पहले मृतिका ने आरोपी के बैलों द्वारा फसल चबाने पर उसे गाली दी थी, जिससे नाराज होकर संदीप ने हत्या की साजिश रची।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
6 जनवरी को आरोपी ने डॉक्टर के पास ले जाने का बहाना बनाकर मृतिका को अपनी मोटरसाइकिल (MP-51-MH-9923) पर बिठाया। रास्ते में वह उसे खेत की झोपड़ी में ले गया, जहाँ मारपीट कर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। रात के अंधेरे में आरोपी ने शव के साथ पत्थर बांधे और उसे मोटरसाइकिल पर लादकर गिट्टी खदान के गहरे पानी में फेंक दिया।
पुलिस की सफलता
आरोपी संदीप भलावी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, डंडा और कपड़े बरामद किए गए हैं। इस अंधे कत्ल को सुलझाने में थाना प्रभारी महाराजपुर डॉ. जयसिंह यादव, नैनपुर थाना प्रभारी बलदेव मुजाल्दा और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
rashtriya news



कोई टिप्पणी नहीं