A description of my image rashtriya news अंधविश्वास का खूनी खेल - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

अंधविश्वास का खूनी खेल

 

अंधविश्वास का खूनी खेल

बिछिया में जादू-टोने के शक में बुजुर्ग महिला की कुल्हाड़ी मारकर हत्या

  • सहजपुरी में सनसनी
  • बेटे के दोस्त ने ही सिर और चेहरे पर किए कुल्हाड़ी से वार
  • आरोपी फरार

जादू-टोने के संदेह में 55 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या, आरोपी की तलाश जारी

मंडला . मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सहजपुरी में रविवार सुबह अंधविश्वास के चलते एक सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहाँ एक 19 वर्षीय युवक ने जादू-टोने के शक में अपने ही दोस्त की माँ पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतिका फूलकली बैगा (55 वर्ष) रविवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर पर थी। इसी दौरान गांव का ही रहने वाला आरोपी युवक दिलीप यादव (19), जो मृतिका के बेटे का दोस्त बताया जा रहा है, वहाँ पहुँचा। आरोपी ने जादू-टोने के संदेह में वृद्धा पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उसने महिला के सिर और चेहरे पर कुल्हाड़ी से कई प्रहार किए, जिससे गंभीर चोटों के कारण फूलकली बैगा की मौके पर ही मौत हो गई।

मौके से फरार हुआ आरोपी

बिछिया थाना प्रभारी रंजीत सिंह श्याम ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी ने अंधविश्वास और जादू-टोने के शक में इस वारदात को अंजाम दिया है। हत्या के बाद आरोपी युवक गांव से फरार हो गया है।

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी दिलीप यादव के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद से ग्राम सहजपुरी में मातम और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की अन्य कड़ियों का खुलासा हो पाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.