बुरहानपुर में उमड़ा आस्था का सागर: 387वीं जयंती पर गूंजा “जय सेवालाल”, 3 किमी लंबी ऐतिहासिक बाइक रैली से थर्राया शहर! पुष्प वर्षा कर सांसद ने किया स्वागत।
बुरहानपुर
बुरहानपुर में उमड़ा आस्था का सागर: 387वीं जयंती पर गूंजा “जय सेवालाल”, 3 किमी लंबी ऐतिहासिक बाइक रैली से थर्राया शहर!
पुष्प वर्षा कर सांसद ने किया स्वागत।
बुरहानपुर संत शिरोमणी संत सेवालाल बापू की 387वीं जयंती पर बुरहानपुर जिले में श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकता का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। “जय सेवालाल” के गगनभेदी जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान हो उठा। युवाओं का जोश, महिलाओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति और समाज की एकजुटता ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
रेणुका माता मंदिर से प्रारंभ हुई भव्य बाइक रैली नव निर्माण मंदिर होते हुए खड़कोद धाम पहुंची। लगभग तीन किलोमीटर लंबी इस विराट रैली में सैकड़ों बाइक एक साथ सड़कों पर उतरीं। डीजे की धुन पर सेवालाल बापू के भजनों और गीतों पर बंजारा युवा झूमते नजर आए। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने मनमोहक लोकनृत्य प्रस्तुत कर आयोजन में सांस्कृतिक रंग भर दिए।
शहर में जगह-जगह स्वागत मंच सजाए गए। सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ पुष्पवर्षा कर रैली का भव्य स्वागत किया।
सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने संत शिरोमणी सेवालाल बापू की जयंती पर देश प्रदेश जिले वासियों को दी बधाई शुभकामनाएं।
खड़कोद धाम में आयोजित मुख्य समारोह में संत श्री सरपुरी महाराज (बाड़ा टांडा) ने सेवालाल बापू के त्याग, सेवा और समाज सुधार के कार्यों पर प्रकाश डाला। युवा संत करणपुरी महाराज ने युवाओं को नशे से दूर रहकर शिक्षा को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया। वहीं भगीरथ महाराज ने कहा कि संस्कार माता-पिता से और शिक्षा गुरु से मिलती है, इसलिए बड़ों का सम्मान ही समाज की असली ताकत है।
हजारों की संख्या में बंजारा समाज के महिला-पुरुष, युवा और बच्चों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विराट जनसैलाब में बदल दिया। बंजारा ट्रस्ट अध्यक्ष गजराज राठौड़ सहित समाज के पदाधिकारियों ने शिक्षा से जुड़ने, सभी आयोजनों को प्लास्टिक मुक्त बनाने और स्वच्छता अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
श्रद्धा, ऊर्जा और सामाजिक जागरूकता से परिपूर्ण यह आयोजन बुरहानपुर के इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय बन गया।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं