निगोही पुलिस ने पकड़ी अवैध असलहा फैक्ट्री, एक गिरफ्तार
शाहजहांपुर: निगोही पुलिस ने पकड़ी अवैध असलहा फैक्ट्री, एक गिरफ्तार
शाहजहांपुर के थाना निगोही पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम मिलकिया के पास एक खंडहर में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। मौके से एक शातिर अभियुक्त को भारी मात्रा में बने और अधबने तमंचों, कारतूसों और शस्त्र बनाने वाले उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई आगामी पंचायत चुनावों में अवैध हथियारों की सप्लाई रोकने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई है।
गिरफ्तारी और बरामदगी
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संतोष के रूप में हुई है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान मौके से 315 बोर के 03 और 12 बोर के 02 अवैध तमंचे, कारतूस और भारी मात्रा में शस्त्र बनाने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। बरामद सामान में ड्रिल मशीन, शिकंजा, रेती, लोहा काटने की आरी और कोयला जैसे उपकरण शामिल हैं। आरोपी भटपुरा मिश्र गांव का निवासी है और काफी समय से सुनसान खंडहर को अपनी अवैध गतिविधियों का अड्डा बनाए हुए था।
पूछताछ में खुलासा और फरार आरोपी
पूछताछ में संतोष ने बताया कि वह अपने भाइयों सोनू और सुखपाल के साथ मिलकर हथियार बनाता था। तैयार हथियारों को संभल और मुरादाबाद जनपदों में सप्लाई किया जाता था। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि ये हथियार आगामी पंचायत चुनाव में खपाने की तैयारी थी। फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार चल रहे दो अन्य अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी जारी है, जिन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस द्वारा किया गया है।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं