A description of my image rashtriya news जनगणना 2027 की तैयारियां तेज़मध्यप्रदेश में मई 2026 से शुरू होगा पहला चरण, जिला स्तर पर होगा दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण। - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

जनगणना 2027 की तैयारियां तेज़मध्यप्रदेश में मई 2026 से शुरू होगा पहला चरण, जिला स्तर पर होगा दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण।

जनगणना 2027 की तैयारियां तेज़
मध्यप्रदेश में मई 2026 से शुरू होगा पहला चरण, जिला स्तर पर होगा दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय अंतर्गत जनगणना कार्य निदेशालय, मध्यप्रदेश द्वारा जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य राज्य में 01 मई से 30 मई 2026 के बीच किया जाएगा।
इसको लेकर जनगणना निदेशक, मध्यप्रदेश कार्तिकेय गोयल द्वारा प्रदेश के समस्त जिलों के कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। जारी आदेश के अनुसार जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन हेतु जिला स्तर पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे से सायं 05:00 बजे तक कलेक्टर कार्यालय के सभागार में आयोजित होगा। प्रशिक्षण में जिला, नगर निगम, नगर पालिका, नगर परिषद एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े जनगणना अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
प्रशिक्षण में जिला जनगणना अधिकारी, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी, चार्ज अधिकारी, नगर जनगणना अधिकारी एवं संबंधित लिपिकीय स्टाफ शामिल होंगे। इस प्रशिक्षण के माध्यम से आगामी जनगणना प्रक्रिया को समयबद्ध, सटीक एवं पारदर्शी रूप से संपन्न कराने की रणनीति तय की जाएगी।
प्रशिक्षण के दोनों दिनों के लिए प्रतिभागियों को स्टेशनरी एवं जलपान हेतु ₹650 प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की राशि निर्धारित की गई है, जो राज्य शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिला जनगणना अधिकारी प्रशिक्षण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे, जो आगे होने वाले समस्त प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निगरानी भी करेंगे। साथ ही प्रशिक्षण स्थल पर प्रोजेक्टर, व्हाइट बोर्ड सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जनगणना 2027 को लेकर शासन स्तर पर तैयारियां तेज़ हो गई हैं और इसे विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.