संकल्प से समाधान अभियान
संकल्प से समाधान अभियान: वार्ड 08 में प्रशासन का सघन भ्रमण, मौके पर आवेदनों का त्वरित निराकरण
नैनपुर
शासन के निर्देशानुसार “संकल्प से समाधान” अभियान के अंतर्गत आज नगर पालिका अध्यक्ष कृष्णा पंजवानी द्वारा वार्ड क्रमांक 08 का गहन भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गईं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
संकल्प से समाधान अभियान का उद्देश्य भारत सरकार एवं राज्य शासन की 106 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक पारदर्शी, डिजिटल एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाना है। अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों से संबंधित योजनाओं के लिए पात्र नागरिकों से आवेदन संकलित किए जा रहे हैं, ताकि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
भ्रमण के दौरान वार्डवासियों ने बड़ी संख्या में आवेदन प्रस्तुत किए। कई आवेदनों का प्राथमिक स्तर पर परीक्षण कर तत्काल समाधान किया गया, वहीं शेष प्रकरणों को समय-सीमा में निराकरण हेतु संबंधित विभागों को अग्रेषित किया गया।
यह अभियान 12 जनवरी 2026 से प्रारंभ होकर 31 मार्च 2026 तक लगातार संचालित रहेगा, जिससे कोई भी पात्र नागरिक शासन की योजनाओं से वंचित न रह सके।
इस अवसर पर पार्षद राजाराम शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी लक्ष्मण सिंह सारस, राजस्व उप निरीक्षक प्रेम कुमार चौटेल, अरुण यादव, राजकुमार साहू, गोपी नंदा, रोहित चौटेल, नरेश करोशी, सुरेश नाग, शुभम पंजवानी, ऋषि चंद्रौल सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
rashtriya news



कोई टिप्पणी नहीं