निवास तिराहे पर युवक का मिला शव, ठंड से मौत की आशंका
निवास तिराहे पर युवक का मिला शव, ठंड से मौत की आशंका

- मजदूरी कार्य के लिए निकला था फड़की मॉल निवासी 22 वर्षीय युवक
- पीएम के बाद फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा
मंडला . निवास पुलिस को शुक्रवार देर रात गश्त के दौरान राजा शंकर शाह कुंवर रघुनाथ शाह तिराहे पर एक युवक का शव मृत अवस्था में मिला। शनिवार सुबह शव की शिनाख्त नारायणगंज जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम फड़की मॉल निवासी भागचंद मरावी उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई। प्रथम दृष्टया पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने युवक की मौत का कारण अत्यधिक ठंड लगना बताया है।

जानकारी अनुसार शुक्रवार देर रात्रि एएसआई भुवन अतकरे अपनी टीम के साथ निवास तिराहे पर गश्त कर रहे थे, इसी दौरान उन्होंने तिराहे पर एक युवक का शव देखा। रात्रि होने के कारण तुरंत शिनाख्त नहीं हो पाई, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्चुरी में रखवाया। शनिवार सुबह निवास पुलिस ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई, जिसके बाद मृतक की पहचान भागचंद मरावी के रूप में हुई।
परिजन को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुँचे। मृतक के पिता दुर्जन सिंह ने बताया कि भागचंद बाहर मजदूरी का काम करता था और लगभग एक सप्ताह पहले काम पर जाने का कहकर घर से निकला था। उन्होंने बताया कि रात में शव पूरी तरह से अकड़ गया था।

तीन घंटे तक चला पोस्टमार्टम
शनिवार को निवास बीएमओ डॉक्टर विजय पेगवार और डॉक्टर मधुसूदन मरावी की टीम ने मर्चुरी में लगभग तीन घंटे तक युवक का पोस्टमार्टम किया। बीएमओ डॉक्टर विजय पेगवार ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक की मृत्यु अत्यधिक ठंड लगने से हुई है। जांच के दौरान युवक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि युवक शराब पीने का आदी था। मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए पीएम रिपोर्ट फॉरेंसिक जांच के लिए भेजी गई है। पोस्ट मार्टम के बाद युवक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के पिता ने बताया कि भागचंद उनका बड़ा बेटा था और काम करने के लिए बाहर आता-जाता रहता था। उन्होंने बताया कि घर से निकलने के बाद उन्हें सीधे पुलिस से ही बेटे की मृत्यु की सूचना मिली।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं