नर्मदा नदी में बहती मिली अज्ञात महिला,
नर्मदा नदी में बहती मिली अज्ञात महिला, अस्पताल मे चल रहा उपचार
- रंगरेज घाट में युवाओं ने सूझबूझ से बचाई अज्ञात महिला की जान, पुलिस कर रही पहचान

मंडला . विगत दिनों से हो रही झमाझम बारिश के चलते नर्मदा नदी का जल स्तर में बढ़ोत्तरी हो गई है। जिले के नदी, तालाब लबालब हो गए है। नर्मदा नदी के बढ़े जल स्तर के साथ एक अज्ञात महिला तेज बहाव में बहते हुए जिला मुख्यालय स्थित धर्मशाला रंगरेज घाट के पास पहुंची। जहां मौजूद लोगों ने इस अज्ञात महिला को नदी से बाहर निकाला। इस दौरान महिला जीवित थी। लोगों की सूझबूझ के कारण महिला की जान बचाई जा सकी। तत्काल इसकी जानकारी एम्बुलेंस और कोतवाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और अज्ञात महिला को एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में महिला का उपचार किया जा रहा है।

बताया गया कि कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला नदी में कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंची। पुलिस महिला की पहचान के लिए पतासाजी कर रही है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ जारी है।
कोई टिप्पणी नहीं