जिले भर में गूंजा जय-जय श्रीराम का जयघोष
जिले भर में गूंजा जय-जय श्रीराम का जयघोष
- रामनवमी पर हुए जगह जगह धार्मिक आयोजन
- हवन पूजन के साथ निकाली भव्य रैली
मंडला . जिले में चैत्र नवरात्र पर्व श्रृद्धा भक्ति भाव के साथ मनाया गया। मर्यादा पुरूषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव पर जगह जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए एवं भंडारे का आयोजन भी किया गया। जहां देवी उपासको ने व्रत रखकर विशेष पूजन अर्चन व अनुष्ठान किए। वहीं नौ दिनो तक नगर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। रामनवमीं पर्व में जगह-जगह धार्मिक आयोजन किए गए। नगर में वाहन रैली निकाली गई। कन्या भोजन व देवालयो में भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ो की संख्या में भक्तो ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।

राम जन्मोत्सव रामनवमीं में नगर के हरदौल मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई। शोभा यात्रा शहर के विभिन्न मार्गो का भ्रमण किया। शोभायात्रा के दौरान सजीव झांकियां भी निकाली गई। श्रृद्धालुओ ने भगवान श्रीराम का पूजन अर्चन किया। शोभायात्रा के दौरान भक्ति गीतो की धुन पर श्रीराम के भक्त थिरकते रहे। इससे पहले सुबह से नगर के देवी मंदिर, नर्मदा तट में बड़ी संख्या में भक्तो ने पहुंचकर पूजन अर्चन किया। नवरात्र पर्व पर शुरू हुए अनुष्ठान का समापन विधि-विधान से किया गया। दुर्गा सप्तशती पाठ, यज्ञ, पुराण के समापन के दौरान विशेष पूजन अर्चन किया गया। नगर के देवी मंदिरों में भंडारे का आयोजन किया गया।

इसके अलावा अन्य धार्मिक स्थलो में भी भंडारे आयोजित किए गए। जिसमें हजारो की संख्या में भक्तो ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। रामनवमीं पर दिन भर धार्मिक आयोजनो का सिलसिला चलता रहा। रामनवमीं पर श्रद्घालुओं ने श्रीराम मंदिर एवं देवी मंदिर में पूजन अर्चन किया। नौ दिन तक व्रत धारण कर मां की उपासना करने वाले भक्तो ने घर-घर कन्या भोज कराये। कन्याओ का पूजन कर दान किया। बताया गया कि बिझिंया दुर्गा मंदिर, लालीपुर दुर्गा मंदिर, बस स्टेंड खेरमाई मंदिर, कटरा खेरमाई मंदिर, उदय चौक दुर्गा मंदिर, सिंहवाहिनी मंदिर, विध्यवासिनी मंदिर, बूढ़ी माई माता, ज्वाला जी मंदिर, शीतला माता मंदिर, राजीव कालोनी शीतला मंदिर में पूजन अर्चन का दौर दिन भर चलता रहा। माता के भक्तो ने पूजन के साथ मां को चुनरी व श्रृंगार भी भेंट किया।
पुलिस बल रहा तैनात
नवरात्र पर्व के दौरान कोई अप्रिय घटना ना हो इसके लिए शहर में पुलिस बल तैनात था। रामनवमीं पर्व पर पुलिस व प्रशासन ने सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया। जिले में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। नगर व उपनगर में पुलिस तैनात रहीं। प्रमुख चौराहा, संवेदनशील क्षेत्रो में पुलिस बल तैनात रहा। वाहन रैली, शोभायात्रा के साथ पुलिस जवान तैनात रहे। सुरक्षा के लिहाज से दमकल, एम्बूलेंस को तैयार रखा गया।
श्री राम भक्तों का हूजुम, भव्यता से निकाली सनातन वाहन रैली
- बड़ी खैरमाई बिझिंया से रैली प्रारंभ, तय रूट में किया भ्रमण
मंडला रामनवमी के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी भव्य भगवा वाहन रैली का आयोजन सनातन धर्मोत्सव परिवार के द्वारा किया गया। खैरीमाई मंदिर बिंझिया में समिति सदस्यों के द्वारा प्रात: पूजन अर्चन किया गया। इसी के साथ भगवान श्रीराम के तैल्यचित्र की स्थापना रथ जिप्सी वाहन में की गई और रथ को फूलों से सजाया गया। उपस्थित लोगों ने पूजन अर्चन करते हुए यहां से जय श्रीराम के जयघोष के साथ वाहन रैली निकाली। सनातन धर्म की परम्परा को आगे बढ़ाते हुए जिले में सनातन बंधुओं को एक साथ एक सूत्र में संगठित कर, सभी राम भक्तों हिंदू एवं सभी सामाजिक संगठनों, धार्मिक बंधुओं को जोडक़र हर वर्ष रामनवमी के अवसर पर मंडला जिले में सबसे बड़ी वाहन रैली सनातन धर्मोत्सव परिवार मंडला के द्वारा निकाली जाती है। इस वर्ष भी रैली में जिला मुख्यालय समेत अन्य विकासखंडों के रामभक्तों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। पिछले वर्षो की अपेक्षा इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रीराम भक्तों का हुजूम रहा। रामनवमी पर राम भक्तों का उत्साह देखते ही बना। सुबह से शाम तक शहर की गलियां श्रीराम के जयकारों से गुंजायमान रही। चैत्र नवरात्र की रामनवमी तिथि को सनातन धर्मोत्सव परिवार ने प्रात: वाहन रैली निकाली। रैली में युवक-युवतियों के साथ संत और बच्चे भी शामिल हुए। बताया गया कि सनातन धर्मोत्सव परिवार के तत्वावधान में वर्ष 2014 से वाहन रैली निकाली जा रही है। जिसमें सभी हिन्दू संगठन, समाज, जाति वर्ग के लोग शामिल होते हैं।

ग्यारह वर्षो से निकल रही रैली
मंडला जिले का एक ऐसा धार्मिक संगठन जिसमें सनातन धर्म के सभी जाति वर्ग के साथी और जिले में कार्यरत सक्रिय सभी राजनैतिक पार्टी, शासकीय प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न संगठनों से बड़ी संख्या में समाजसेवी सक्रिय सहभागिता निभाते हैं। यहां कोई अध्यक्ष सचिव जैसा कोई महत्वपूर्ण पद नहीं है और न ही समाज से एकत्रित धनराशि का उपयोग फोटो लगाकर प्रचार प्रसार करने में किया जाता है सबकुछ पारदर्शिता के साथ आयोजन के बाद समीक्षा बैठक में आय व्यय लेखा जोखा स्पष्ट कर दिया जाता है। इस संगठन और रैली का नेतृत्व चुनिंदा लोगों के हाथों में भी नहीं है जो पूरे वर्ष हर आयोजन में सक्रिय और समर्पित रहता है सबको बारी बारी से अवसर मिलते रहता है। प्रयास हमेशा से यही है जिले के वो हर समाजसेवी, श्रृद्धालु, संगठन, समिति और समाज के लोगों का सनातन धर्मोत्सव परिवार में स्वागत है जो प्रभु श्रीराम के प्रति समर्पित है प्रभु श्रीराम के प्रति श्रृद्धा है। यही एकमात्र वजह है कि सनातन धर्मोत्सव परिवार मंडला में हर वर्ष नए सदस्य जुड़ते जा रहे हैं। क्योंकि, संगठित लोग ही समाज को सकारात्मक दिशा और एक दूजे को सुरक्षा दे सकते हैं।

विभिन्न मार्गो से गुजरी रैली
वाहन रैली प्रात: 10 बजे बडी खैरमाई माता मंदिर बिझिंया से प्रारंभ हुई जो कि बड़ी खैरमाई माता मंदिर बिंझिया से प्रारंभ हुई हीरो एजेंसी होटल नर्मदा इन से पॉलिटेक्निक कॉलेज के सामने से राजीव कॉलोनी शिवराज शाह के मकान कॉरपोरेशन बैंक से होते हुए नेहरू स्मारक आंगन तिराहा संतोषी माता मंदिर के सामने से रेलवे स्टेशन होते हुए राय किराना दुकान के सामने से मोहन टोला रोड वापस मंडला महाराजपुर रोड मटरू ढाबा से होते हुए माहिष्मति घाट होते हुए नेहरू स्मारक रेडक्रॉस के सामने से स्टेडियम ग्राउंड के बाजू से रानी अवंती बाई स्कूल शासकीय हॉस्पिटल उदय चौक सराफा होते हुए बुधवारी चौक बलराम (इलाही) चौक से हनुमान घाट मुक्तिधाम एनजेएन स्कूल के सामने से योगीराज हॉस्पिटल के सामने श्रीराम मंदिर पड़ाव के सामने से दीनदयाल (चिलमन) चौक बस स्टैंड लालीपुर होते हुए जबलपुर मार्ग कटरा स्थित वापस खैरमाई माता मंदिर में रैली का समापन हुआ जिसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया।

जगह-जगह हुआ स्वागत
सनातन धर्मोत्सव परिवार द्वारा आयोजित वाहन रैली का नगर के अनेक स्थानों में धर्मप्रेमियों द्वारा स्वागत किया गया। स्वेच्छा से धर्मप्रेमियों ने रैली में पुष्पवर्षा करते हुए भगवान श्रीराम का पूजन किया। वहीं रैली में शामिल रामभक्तों का स्वागत करते हुए फल प्रसादी वितरण की। जगह-जगह युवाओं ने स्वागत किया वहीं श्वाश्वत परिवार के द्वारा स्वागत किया गया वहीं मंत्री श्रीमति सम्पतियां उईके के आवास में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा स्वागत किया गया। यहां पर फल जूस के साथ स्वाल्पहार वितरण किया गया।
चाक चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
रामनवमी पर्व पर रैली, चल समारोह एवं विभिन्न आयोजन के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था तथा आयोजन शांति सौहार्दपूर्ण रूप से संपन्न कराने के लिए मंडला पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था रही। मुख्य चौराहों सहित चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर रही। ड्रोन, सीसीटीवी कैमरे एवं हाइराइज बिलडिंग से पुलिस ने मॉनिटरिंग की। सुबह कंट्रोल रूम मंडला में समस्त बल एकत्रित कर पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी के संबंध में जानकारी दी। ड्यूटी स्थल के लिए रवाना किया। सुबह से रात तक पुलिस मुख्य चौराहों व संदिग्ध क्षेत्रो में मौजूद रही।

हरदौल लाला मंदिर से निकली प्रभु श्रीराम की शोभायात्रा जमकर नाचे रामभक्त
मंडला . रविवार को राम नवमीं के अवसर पर भव्य शोभायात्रा हरदौल लाला मंदिर बड़ चौराहा से निकाली गई। यहां पर राम दरबार का भव्य पूजन अर्चन करते हुए महाआरती की गई। भगवान श्रीराम की शोभायात्रा में शामिल रामभक्तों ने लाला हरदौल मंदिर से जैसे ही अपने कदम बढ़ाए। डीजे पर शुरु हुई भगवान राम की धुन ने मानो पूरा माहौल राममय हो गया। जय-जय श्रीराम के नारों से बड़ चौराहा और कमानिया गेट तक का वातावरण गूंज उठा। मंदिर के सामने श्रीराम दरबार नवरात्रि की प्रथम तिथि को स्थापित किया गया था। शोभायात्रा सबसे पहले कमानिया गेट स्थित मां दुर्गा मंदिर पहुंची। जहां पर बुधवारी स्थित रामदरबार से निकाली गई शोभायात्रा भी शामिल हो गई। यहां पुरोहितों ने माता की पूजा अर्चना की।

जमकर आतिशबाजी हुई और जय श्रीराम के नारों के साथ शोभायात्रा शहर भ्रमण के लिए रवाना हुई। भगवान श्रीराम की यात्रा में सैकड़ों नौजवानों की टोली शामिल रही। सभी साउंड बॉक्स में गूंजते भक्ति गीत धुन पर मदमस्त होकर नाचते नजर आए। कमानिया गेट से होती हुई शोभायात्रा कचहरी मोहल्ला, सिंहवाहिनी वार्ड, बुधवारी, रंगरेज घाट स्वामी सीताराम वार्ड, पड़ाव होते हुए चिलमन चौंक से बड़ चौराहा पहुंची। यहां पूजन और आरती के बाद शोभायात्रा का समापन हुआ। इस भव्य शोभायात्रा में कांग्रेसी-भाजपाई राजनीतिक परिवेश से अलग हटकर सिर्फ आम जनता की तरह शामिल हुए। शामिल सैकड़ों युवाओं को अनुशासन में बनाए रखने के लिए पुलिस के आला अधिकारी भी शामिल रहे। राम दरबार के साथ रथों में झांकियां सजाकर ले जाई गईं। संजीव झांकी आकर्षण का केंद्र बनी रही। समाजसेवियों ने शोभायात्रा के स्वागत में नगर के प्रमुख स्थानों पर स्टॉल लगाए और शोभायात्रा का स्वागत किया। सामाजिक कार्यकर्ता शिवराज कछवाहा ने बताया कि वर्षो से चली आ रही परम्परा का निर्वाह किया जा रहा है। नौ दिन भगवान राम की विधि विधान से पूजन अर्चन किया गया और रामनवमीं के दिन भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जिले की सुख शांति अमन भाईचारा के साथ भगवान श्रीराम के बताए मार्ग में चलने की प्रेरणा इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य रहा है।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा ने कहा कि पूरे नगर को भगवा मय किया गया और आकर्षक साज सज्जा की गई है। ताकि धर्म के प्रति युवाओं की आस्था बनीं रहे और सनातन धर्म की परम्परा निरंतर चलती रहे। वहीं कार्यक्रम पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने कहा कि चैत्र नवरात्रि के दिन ही भगवान राम का जन्म होना माना जाता है। इसीलिए इस दिन को भक्तगण रामनवमी के रूप में अनादिकाल से मनाते चले आ रहे हैं। भगवान राम के मंदिरों में रामनवमीं के अवसर पर दिन भर धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रीराम जी को पालने बना कर उन्हें झूला झुलाया गया एवं मंदिरों को फूलों से सजाया गया। वाहन रैली का जनप्रतिनिधि व समाज सेवियों के द्वारा जगह-जगह स्वागत भी किया गया।
कोई टिप्पणी नहीं