जनवरी में अर्द्धवार्षिक, मार्च में होगा वार्षिक मूल्यांकन; वर्कशीट को पूरा करने में बच्चे परिजन की सहायता ले सकेंगे
कक्षा एक से 8वीं तक के स्कूल भले की 31 मार्च तक के लिए बंद हों, लेकिन स्कूलों में दर्ज बच्चों का वार्षिक मूल्यांकन जरूर होगा। इसके लिए छात्रों को घर पर ही वर्कशीट दी जाएगी। 20 से 30 जनवरी 2021 के बीच पहले अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन होगा। इसके बाद फरवरी व मार्च में वार्षिक मूल्यांकन।
स्कूल अपने यहां दर्ज बच्चों के घरों तक वर्कशीट पहुंचाएंगे। बच्चों को 10 से 15 दिन वर्कशीट को पूरा करने का समय मिलेगा। बच्चे इसे पूरा करने में अपने परिजन की सहायता ले सकेंगे। इसके बाद अर्धवार्षिक और वार्षिक मूल्यांकन के नंबरों के आधार पर बच्चों का वार्षिक मूल्यांकन कर उन्हें अगली कक्षाओं में पदोन्नत किया जाएगा।
राज्य शिक्षा केंद्र आयुक्त ने जारी किया कैलेंडर
राज्य शिक्षा केंद्र के आयुक्त लोकेशकुमार जाटव ने इसका कैलेंडर जारी कर दिया है। कक्षा 1 व 2वीं के छात्रों को स्कूल द्वारा उपलब्ध कराई गई, अभ्यास पुस्तिका के अंत में संलग्न रहने वाली वर्कशीट को भरना होगा। पहले बच्चों का अर्धवार्षिक मूल्यांकन किया जाएगा। बच्चों से 20 से 30 जनवरी के बीच वर्कशीट भरवाई जाएगी। इसके बाद वार्षिक मूल्यांकन के लिए 15 से 28 फरवरी तक और 10 से 20 मार्च के बीच दूसरी वर्कशीट भरवाई जाएगी। अर्द्धवार्षिक मूल्यांकन की वर्कशीट 20 अंकों की होगी। जबकि वार्षिक मूल्यांकन की शीट 50 अंक प्रति विषय के हिसाब से रहेगी।
विभाग ने शीतकालीन छुट्टियां की निरस्त
परीक्षा की तैयारियों के चलते इस बार शीतकालीन छुट्टियां निरस्त हो गई हैं। बुधवार को स्कूल शिक्षा विभाग के उपसचिव प्रमोद सिंह ने आदेश जारी किया है। कोरोना महामारी के चलते स्कूल बंद रहे। विद्यार्थियों को शिक्षकों से संवाद का पर्याप्त समय मिल सके, इस वजह से छुट्टियां निरस्त की हैं।
वर्कशीट में 60% लिखित व 40% प्रोजेक्ट वर्क
कक्षा 3 से 8वीं तक के छात्रों को जो वर्क शीट उपलब्ध कराई जाएगी। खंड अ में 5 से 6 प्रश्न होंगे। इनका बच्चों को लिखित में उत्तर देना होगा। खंड ब में 1-1 प्रश्न होगा, जो प्रोजेक्ट वर्क के रूप में होगा। प्रोजेक्ट वर्क भी ऐसा होगा कि बच्चों को कोई मॉडल आदि तैयार नहीं करना होगा।
ऐसे होगी परीक्षा और मूल्यांकन
- पहली-दूसरी के बच्चों को शालाओं से अभ्यास पुस्तिका दी जाएगी। इसके आखिरी में वर्कशीट होगी। इसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित विषय के प्रश्न होंगे।
- तीसरी से आठवीं के बच्चों की वर्कशीट में कौशल आधारित प्रश्न व प्रोजेक्ट होंगे। शीट में ही प्रश्नों के साथ उत्तर व प्रोजेक्ट वर्क के लिए जगह रहेगी।
- तीसरी से आठवीं तक की वर्कशीट में 60 प्रतिशत लिखित और 40 प्रतिशत नंबर प्रोजेक्ट के आधार पर दिए जाएंगे।
- प्रोजेक्ट घर में उपलब्ध रोजमर्रा की सामग्री के आधार पर घर के सदस्यों से पूछकर तैयार किए जा सकेंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/sagar/chhatarpur/news/half-yearly-in-january-annual-assessment-in-march-children-will-be-able-to-take-help-of-family-in-completing-the-worksheet-128060062.html
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं