सिंधिया के सवाल पर राव ने पार्टी के प्रदेश स्तरीय कोर ग्रुप को ही बता दिया अवैध
भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने सीनियर नेताओं से बने पार्टी के प्रदेश स्तरीय कोर ग्रुप को ही अवैध बता दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी संविधान के तहत प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकारिणी बनते हैं।
कोर ग्रुप में वो लोग होते हैं जो या तो वरिष्ठ हैं या किसी पद पर नहीं हैं। निर्णय लेने से पहले जरूरी हो तो चर्चा होती है। वैसे भी यह प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का अधिकार है कि वे जरूरी समझें तो किसी को भी बुला सकते हैं। राव ने यह बात सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की शुक्रवार को कोर ग्रुप में मौजूदगी से जुड़े सवाल पर कही।
राव रविवार को पार्टी दफ्तर में मीडिया से बात कर रहे थे। वीडी शर्मा भी मौजूद रहे। राव ने हालांकि यह भी जोड़ा कि सिंधिया भाजपा के और हमारे हैं। उन्हें सरकार बनाने का पूरा क्रेडिट जाता है। नगरीय निकाय चुनाव में महापौर और पार्षदों के चयन में उम्र और क्राइटेरिया बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रदेश के पांचों महामंत्रियों को यह काम दिया गया है कि वे क्राइटेरिया बनाएं। उम्मीदवारों के चयन में स्पष्टता और गाइडलाइन जरूर होगी। पूरी प्रोसेस के साथ टिकटों का निर्णय होगा।
राव, पंकजा और टुडू में काम के लिहाज से बंटेगा प्रदेश
पार्टी ने तय किया है कि प्रभारी राव, सह प्रभारी पंकजा मुंडे और बिस्वेश्वर टुडू में काम के लिहाज से प्रदेश का बंटवारा होगा। हर के पास तीन-तीन संभाग होंगे। क्षेत्रवार कामकाज होगा। राव ने बताया कि आने वाले चार माह में प्रभारी पूरे प्रदेश में संगठन व कामकाज की नब्ज टटोलेंगे। सात दिन में इसका कार्यक्रम तय होगा।
दो दिन के मंथन पर तय हुए ये कार्यक्रम
- संगठन के कामकाज का रोडमैप बनेगा। इसमें गवर्नेंस का रिव्यू भी एक पार्ट रहेगा
- ग्रे एरिया, जहां पार्टी कमजोर है, वहां टार्गेट से काम होगा। हर बूथ पर भाजपा मजबूत करेंगे
- पंचायत से सरकार तक नेक्स्ट लेवल का गुड गवर्नेंस होगा। नए कल्याणकारी काम होंगे
- किसान और भाजपा के बीच कोई दीवार नहीं होगी। घर-घर जाकर बताएंगे।
मंत्रिमंडल विस्तार पर मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा- अभी तो सिर्फ माफिया निपटा रहा हूं
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे से जुड़े गोविंद सिंह राजपूत और तुलसी सिलावट का मंत्रिमंडल में शामिल होने का इंतजार अभी और जारी रह सकता है। सीहोर में चल रहे भाजपा जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया के सवाल पर यह कहकर किनारा कर लिया कि अभी तो वे सिर्फ माफिया निपटा रहे हैं।
इधर, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने भी कहा कि जितना इंतजार (47 दिन) अभी किया है, उतना नहीं करना पड़ेगा। पार्टी भी यह संकेत दे रही है कि मंत्रिमंडल विस्तार, निगम-मंडलों में नियुक्तियों और संगठन की टीम बनने जैसे तमाम काम पूरे होने में कम से कम एक माह लग सकता है। राव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि संगठन में नियुक्तियां जल्द होंगी। उपरोक्त तमाम कामों में सिंधिया के किसी भी तरह के दबाव से उन्होंने इनकार किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/on-scindias-question-rao-told-the-partys-state-level-core-group-as-illegal-128060135.html
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं