सभी मंत्रियों को भी दो दिन भोपाल में रुकने को कहा, भाजपा विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सभी विधायकों से वन-टू-वन चर्चा करेंगे। सभी मंत्रियों को भी अगले दो दिन भोपाल में रुकने के लिए कहा गया है, ताकि विधायक उनसे मिलकर अपने क्षेत्र और काम के बारे में बात कर सकें। भाजपा विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया।
बैठक में मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव समेत अन्य नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह का काम होना है। सभी विधायक यह प्रयास करें कि हर व्यक्ति का कम से कम 10 रुपए मंदिर निर्माण में लगे। निकाय चुनाव में जिताने की जिम्मेदारी भी विधायकों की है।
राव ने कहा कि लंबे समय बाद यह बैठक हुई है। जनता की अपेक्षा और संगठन का वजन बढ़ा है। इसको विधायक समझें और उसी अनुसार काम करें। लोगों की अपेक्षाएं ज्यादा हैं, इसलिए विधायक अब 24 घंटे के हो गए हैं। लोगों से मिलो और उनकी सुनो।
प्रशिक्षण वर्ग- इस ट्रेनिंग से 10 वर्ष आगे की भाजपा बनेगी
भाजपा के जिलाध्यक्षों का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग पूरा हो गया। दूसरे दिन पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी पहुंचे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने जिलाध्यक्षों से कहा कि इस ट्रेनिंग से आगे के दस साल की भाजपा तैयार होती है। यही पार्टी के कार्यकर्ता हैं, बंगाल में जान हथेली पर लेकर काम कर रहे हैं।
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने विपरीत परिस्थितियों में काम किया और संगठन को बढ़ाया। आज हमारे लिए अनुकूल वातावरण है। यही परंपरा आगे भी रखनी है। शिवराज सिंह ने सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। उन्होंंने कहा कि माफिया के खिलाफ कार्रवाई हो रही है, इसका मतलब यह नहीं कि किसी को मिटाना है, बल्कि जनता का जीवन सुखी बनाना है। विजयवर्गीय ने कहा, हमारे यहां किसी को बांटने का काम नहीं होता, बल्कि हर योजना का लाभ हर वर्ग को मिलता है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/all-ministers-also-asked-to-stay-in-bhopal-for-two-days-128060106.html
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं