A description of my image rashtriya news विवाह समारोहों में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर पुलिस सख्त, मैरिज गार्डन संचालकों को दिए निर्देश - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

विवाह समारोहों में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर पुलिस सख्त, मैरिज गार्डन संचालकों को दिए निर्देश

पुलिस अधीक्षक ने मैरिज गार्डन संचालकों की ली बैठक

विवाह समारोहों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

आगामी विवाह समारोहों के दौरान शहर में कानून व्यवस्था, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से आज दिनांक 25.11.2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय बुरहानपुर में पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी द्वारा जिले के मैरिज गार्डन संचालकों की बैठक ली गई।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे, नगर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद सिंह कुशवाह एवं विभिन्न थाना प्रभारी मैरिज गार्डन संचालक उपस्थित रहे। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने मैरिज गार्डन संचालकों को अपने संस्थानों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विवाह समारोहों में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है, ऐसे में सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है।

बैठक में दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश

सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाएं : सभी मैरिज गार्डन संचालक अपने संस्थानों के प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग स्थल तथा परिसर के महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। कैमरे चालू स्थिति में रहें तथा रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

पार्किंग की व्यवस्थित व्यवस्था करें : विवाह समारोह में आने वाले मेहमानों के वाहनों के लिए गार्डन परिसर के अंदर अथवा निर्धारित स्थान पर पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करें, जिससे सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग न हो।

मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित न हो : गार्डन के बाहर वाहनों की पार्किंग के कारण आम नागरिकों एवं अन्य वाहन चालकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। सड़क एवं सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन सुचारू बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करें।

सुरक्षा गार्ड की व्यवस्था : बड़े आयोजनों एवं अधिक भीड़ वाले विवाह समारोहों के दौरान पर्याप्त सुरक्षा गार्ड तैनात रखें, ताकि प्रवेश एवं निकास व्यवस्था व्यवस्थित रहे और किसी भी अप्रिय स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके।

आग एवं आपातकालीन सुरक्षा : मैरिज गार्डन में अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास मार्ग एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखें। आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें।

संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें : आयोजन के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें।

आयोजन संबंधी नियमों का पालन : ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, निर्धारित समय-सीमा एवं अन्य प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।

सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था में सहयोग की अपील

पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने मैरिज गार्डन संचालकों से कहा कि विवाह समारोहों के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ आयोजकों और संस्थान संचालकों की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी संचालक पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करें तथा अपने संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करें।


कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.