A description of my image rashtriya news उर्दू स्कूलों को लेकर विवाद! मुस्लिम एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष पर गुमराह करने का आरोप, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग। - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

उर्दू स्कूलों को लेकर विवाद! मुस्लिम एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष पर गुमराह करने का आरोप, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग।

बुरहानपुर उर्दू स्कूलों को लेकर विवाद! मुस्लिम एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष पर गुमराह करने का आरोप, कलेक्टर से कार्रवाई की मांग।

33 उर्दू माध्यम शालाओं में गैर-उर्दू भाषी शिक्षकों की नियुक्ति पर उठे सवाल; वसीम पटेल ने जनसुनवाई में सौंपा आवेदन, शैक्षणिक कार्यों में हस्तक्षेप रोकने की मांग

बुरहानपुर। जिले की उर्दू माध्यम शालाओं में शिक्षकों की पदस्थापना को लेकर अब विवाद गहराता नजर आ रहा है। मुस्लिम एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष एवं सदस्यों पर कथित रूप से गलत जानकारी फैलाने, अधिकारियों को गुमराह करने और शैक्षणिक व्यवस्था में अनावश्यक हस्तक्षेप करने के आरोप लगाते हुए जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई गई है।

ग्राम बहादपुर निवासी वसीम पटेल ने कलेक्टर कार्यालय में आवेदन प्रस्तुत कर मुस्लिम एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष एवं सदस्यों के विरुद्ध उचित वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।

33 उर्दू माध्यम शालाओं में नियमानुसार हुई शिक्षकों की पदस्थापना

आवेदक वसीम पटेल ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि जिला शिक्षा अधिकारी बुरहानपुर के पत्र क्रमांक 734/2026, दिनांक 27 फरवरी 2026 तथा लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशों के तहत उच्च न्यायालय जबलपुर में दायर याचिका के संदर्भ में उर्दू माध्यम शालाओं में गैर-उर्दू भाषी शिक्षकों की पदस्थापना की प्रक्रिया नियमानुसार की गई है। जिले की 33 शालाओं में पदस्थ शिक्षक पूरी निष्ठा के साथ अपने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

छात्रों और अभिभावकों को कोई शिकायत नहीं होने का दावा

शिकायतकर्ता का कहना है कि संबंधित शालाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को गैर-उर्दू भाषी शिक्षकों द्वारा पढ़ाए जाने को लेकर कोई आपत्ति या शिकायत नहीं है। विद्यार्थी शांतिपूर्वक अपनी पढ़ाई कर रहे हैं, इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा इस विषय को अनावश्यक रूप से विवादित बनाया जा रहा है।

बहादपुर स्कूल की शिक्षिका को परेशान करने का भी आरोप

आवेदन में कथित अनरजिस्टर्ड मुस्लिम एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष एवं सदस्यों पर बिना तथ्यात्मक आधार के उच्च अधिकारियों, संकुल प्राचार्यों और अन्य संबंधित लोगों के समक्ष शिकायतें कर भ्रम की स्थिति पैदा करने का आरोप लगाया गया है। साथ ही शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बहादपुर में पदस्थ एक शिक्षिका को अनावश्यक रूप से परेशान करने का प्रयास किए जाने की बात भी कही गई है।

कलेक्टर से सख्त कार्रवाई की मांग

वसीम पटेल ने कलेक्टर से मांग की है कि सोसायटी के पंजीयन की स्थिति एवं शिकायत में लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अध्यक्ष एवं सदस्यों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति विद्यालयों में जाकर अनावश्यक दबाव न बना सके और शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावित न हों।

अब देखना यह होगा कि जनसुनवाई में पहुंची इस शिकायत पर जिला प्रशासन क्या रुख अपनाता है और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।



कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.