बिलासपुर से कोयले का रैक रवाना, नेपा में जल्द शुरू होगा उत्पादन; फायर ड्रिल से परखी सुरक्षा, सीएमडी नरेश सिंह बोले- कर्मचारी परिवार के लिए अनमोल
बिलासपुर से कोयले का रैक रवाना, नेपा में जल्द शुरू होगा उत्पादन; फायर ड्रिल से परखी सुरक्षा, सीएमडी नरेश सिंह बोले- कर्मचारी परिवार के लिए अनमोल
भोपाल गैस त्रासदी की स्मृति में औद्योगिक सुरक्षा पखवाड़ा शुरू, 3 दिसंबर को मिल परिसर में होगा मुख्य आयोजन
केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय के उपक्रम नेपा लिमिटेड में उत्पादन बहाली की तैयारियां तेज हो गई हैं। बिलासपुर से कोयले का रैक लोड होकर रवाना हो चुका है। सीएमडी नरेश सिंह ने उम्मीद जताई है कि अगले कुछ घंटों में मशीनें फिर से चलने लगेंगी।
इसी बीच संस्थान में औद्योगिक सुरक्षा को लेकर भी विशेष गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। केंद्रीय भारी उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के उपक्रम नेपा लिमिटेड में मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार भोपाल गैस त्रासदी की विभीषिका की स्मृति में 17 नवंबर से औद्योगिक सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत मंगलवार को औद्योगिक संरक्षा विभाग ने अग्निशमन विभाग परिसर में फायर ड्रिल आयोजित कर आग लगने की स्थिति में बचाव और नियंत्रण का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। पखवाड़े का मुख्य आयोजन 3 दिसंबर को मिल परिसर में होगा।
कार्यक्रम में सीएमडी नरेश सिंह ने कहा कि नेपा के शूरवीरों ने हर विषम परिस्थिति में संस्थान को संभाले रखा है। बिलासपुर से कोयले का रैक रवाना हो रहा है और अगले कुछ घंटों में उत्पादन प्रक्रिया बहाल होने की उम्मीद है। उन्होंने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उत्पादन और मशीनों का चलना अपनी जगह महत्वपूर्ण है, लेकिन सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। कर्मचारी कारखाने के लिए कीमती हैं, लेकिन अपने परिवार के लिए अनमोल हैं। उनकी भरपाई परिवार में कोई नहीं कर सकता। प्रत्येक कर्मचारी अपनी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखे। सजगता ही सुरक्षा है। सुरक्षित उत्पादन से ही राष्ट्रीय संपत्ति की रक्षा और देश की अर्थव्यवस्था में योगदान संभव है।
विभागाध्यक्ष अग्नि एवं सुरक्षा संजय पवार ने पिछले दिनों पेपर मशीन संयंत्र में हुई अग्नि दुर्घटना का उल्लेख किया, जिसमें कंट्रोल पैनल प्रभावित हुएं थे। उन्होंने सीमित संसाधनों के बीच तत्काल निर्णय लेकर स्थिति नियंत्रित करने का अनुभव साझा किया और अग्निशमन दल की मुस्तैदी पर संतोष व्यक्त किया।
अग्निशमन निरीक्षक विवेक वर्मा ने आग के पांच वर्गों की जानकारी दी। वर्ग ए में लकड़ी, कागज और कपड़े जैसे ठोस पदार्थों की आग, वर्ग बी में पेट्रोल-डीजल जैसे ज्वलनशील द्रव, वर्ग सी में ज्वलनशील गैसें, वर्ग डी में ज्वलनशील धातुएं तथा वर्ग एफ में खाना पकाने के तेल और वसा की आग शामिल है। उन्होंने आग की प्रकृति के अनुसार पानी, कार्बन डाइऑक्साइड, फोम और शुष्क रासायनिक पाउडर जैसे अग्निशामक माध्यमों के उचित उपयोग की जानकारी दी। विद्युत उपकरणों में लगी आग पर पानी का प्रयोग नहीं करने की सावधानी भी बताई। इसके बाद अग्निशमन विभाग के जियाउद्दीन शेख, संदेश चौहान और जयदेव दलवी ने अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल और आग पर काबू पाने का प्रायोगिक प्रदर्शन किया।
जनसंपर्क अधिकारी संदीप ठाकरे ने बताया कि 17 नवंबर से 3 दिसंबर तक चलने वाले पखवाड़े में सहायक प्रबंधक औद्योगिक संरक्षा प्रशांत सोनी एवं उनकी टीम द्वारा फायर ड्रिल के अलावा औद्योगिक सुरक्षा नारा प्रतियोगिता और सुरक्षा विषयक फिल्म प्रदर्शन सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उत्पादन प्रक्रिया को गति देने के साथ प्रत्येक कर्मचारी का सुरक्षित रहना भी संस्थान की प्राथमिकता है। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन सहायक प्रबंधक औद्योगिक संरक्षा प्रशांत सोनी ने किया।
इस अवसर पर पूर्व निदेशक वित्त प्रदीप कुमार नाइक, निदेशक वित्त पी.जे.एम. डिक्सन, प्रबंधक अनुरक्षण विजय चौधरी, प्रबंधक पेपर मशीन के.के. देशमुख, प्रबंधक इंस्ट्रूमेंट्स मनीषकांत शर्मा, उप प्रबंधक पावर हाउस सुधीर कुमार पटले, उप प्रबंधक पावर हाउस स्वतंत्र कसेरा, विभागाध्यक्ष डीआईपी देवेंद्र महोबे, उप प्रबंधक इंस्ट्रूमेंट्स बिजेंद्र यादव, उप प्रबंधक मैकेनिकल पिंटू कुमार, सहायक प्रबंधक पावर हाउस अनिल करोले, नेपा मिल श्रमिक संघ अध्यक्ष प्रवीण सोनी, दिनेशचंद्र सोवले, अनीस मंसूरी, ऋतिका भमोरे, मोहम्मद इलियास सिद्दीकी, संजय भावसार, मीना श्रीवास्तव सहित कई अफसर-कर्मी मौजूद रहे।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें