जनविश्वास अभियान से जनता के द्वार पहुंचा शासन! अर्चना चिटनिस बोलीं– सुशासन की ऐसी पहल, जहां एक ही छत के नीचे मिल रहीं सरकारी सेवाएं।
जनविश्वास अभियान सुशासन की ऐसी पहल, जिसमें शासन स्वयं पहुंच रहा जनता के द्वार-अर्चना चिटनिस
बुरहानपुर शासन और नागरिकों के बीच विश्वास को मजबूत बनाने, शासकीय सेवाओं को आमजन के लिए सरल एवं सुलभ बनाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेशभर में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को बुरहानपुर के उपनगर लालबाग स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज मंगल कार्यालय में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के मुख्य आतिथ्य में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहे। नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देने, पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए विभागवार स्टॉल लगाए गए। श्रीमती अर्चना चिटनिस ने नागरिकों एवं हितग्राहियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण के निर्देश दिए।
श्रीमती चिटनिस ने कहा कि ’’जनविश्वास अभियान केवल शासकीय योजनाओं और सेवाओं को उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं, बल्कि शासन और नागरिकों के बीच विश्वास का मजबूत सेतु है।
’’ इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि अब नागरिकों को अपनी छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। सभी विभागों के अधिकारी एक ही छत के नीचे उपलब्ध हैं और शासन स्वयं जनता के बीच पहुंचकर सेवाएं प्रदान कर रहा है।
यही सुशासन की वास्तविक भावना है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक दिन जनविश्वास का दिन होता है। शासन प्रत्येक वर्ग के कल्याण और पात्र परिवारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। आवास योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। शासन की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य प्रत्येक परिवार के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
श्रीमती चिटनिस ने नागरिकों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी का विषय बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक का उपयोग छोड़कर कपड़े की थैलियों को अपनाएं तथा घरों से निकलने वाले गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग करके कचरा गाड़ी में दें। स्वच्छता केवल शासन और नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का व्यक्तिगत, संस्थागत एवं सामूहिक दायित्व है।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से भी प्रत्येक नागरिक के साथ संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सेवाभाव से कार्य करने की अपेक्षा की। उन्होंने कहा कि किसी पात्र व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाना, जरूरतमंद की समस्या का समाधान करना और उसके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना ही जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य है।
शासन की योजनाएं तभी सफल होंगी, जब उनका लाभ बिना परेशानी और अनावश्यक विलंब के अंतिम पात्र हितग्राही तक पहुंचे। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
शिविर में श्रीमती अर्चना चिटनिस ने विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। संबल योजना के अंतर्गत 8 हितग्राहियों को लगभग 20 लाख रुपए के स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। इनमें प्रकाश कुमार बदलानी, मनीषा तायडे, सुरेश गुप्ता, शंकुतला, मीराबाई यादव एवं संजय पाटील को 2-2 लाख रुपए तथा सोनू धनगोडे एवं सबा बानो को 4-4 लाख रुपये के स्वीकृति आदेश प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त अन्य योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।
शिविर में मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की हितग्राहियों तथा स्कूली बालिकाओं ने शासन की विभिन्न योजनाओं से मिले लाभ और अपने जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव साझा किए। छात्राओं ने शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध हो रही सुविधाओं एवं बढ़ते अवसरों की जानकारी दी।
विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, कलेक्टर विवेक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागड़ी ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
आधार, ऊर्जा, उद्योग, वित्त, कृषि एवं उद्यानिकी, आयुष, स्वास्थ्य, पशुपालन, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय, खाद्य, प्रधानमंत्री आवास योजना, वन सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर नागरिकों को सेवाएं एवं योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई।
महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल ने कहा कि जनविश्वास अभियान नागरिकों को शासकीय सेवाओं से सीधे जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल है। नगर निगम द्वारा स्वच्छता, पेयजल, जल संरक्षण एवं अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता करने, गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग देने तथा नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कलेक्टर विवेक कुमार ने कहा कि जनविश्वास अभियान नागरिकों एवं प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु है। इसका उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना तथा नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करना है। शासन प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है।
उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि शिक्षित बच्चे समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य का आधार हैं। उन्होंने नागरिकों से जागरूक रहने, सही निर्णय लेने और सकारात्मक सोच के साथ समाज के विकास में सहभागी बनने की अपील की। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ जनसमस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती माधुरी अतुल पटेल, नगर निगमाध्यक्ष श्रीमती अनिता अमर यादव, कलेक्टर विवेक कुमार, पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागड़ी, नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव, वीरेंद्र तिवारी, कैलाश पारीक, रुद्रेश्वर एंडोले, आशीष शुक्ला, संभाजीराव सगरे, सुरेश पवार, विजय शेवाडे, विजय कार्ले, ज्योति धड़स, रवि काकड़े, जगदीश सोनवने, निलेश सोनी, विजय लाखवानी एवं सुनील खोसरे सहित जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें