A description of my image rashtriya news जिले में हर्षाेल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया 71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवसरंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी प्रदेश की कला, संस्कृति एवं समृद्ध परंपराओं की झलक - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

जिले में हर्षाेल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया 71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवसरंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी प्रदेश की कला, संस्कृति एवं समृद्ध परंपराओं की झलक

जिले में हर्षाेल्लास एवं उमंग के साथ मनाया गया 71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी प्रदेश की कला, संस्कृति एवं समृद्ध परंपराओं की झलक

किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज अंतर्गत बुरहानपुर के तीन किसान ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी पुरस्कार से हुए सम्मानित
बुरहानपुर/ मध्यप्रदेश स्थापना दिवस केवल एक तारीख नहीं, बल्कि प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत, समृद्ध परंपराओं, विकास यात्रा और सामूहिक संकल्पों का उत्सव है। 1 नवंबर 1956 को अस्तित्व में आए मध्यप्रदेश ने अपनी प्राकृतिक संपदा, नदियों, वनों, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों एवं जनजातीय संस्कृति के माध्यम से देश में विशिष्ट पहचान बनाई है। आज प्रदेश विकास के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इसी कड़ी में जिले में 71वां मध्यप्रदेश स्थापना दिवस हर्षाेल्लास एवं उमंगमय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय समारोह इंदिरा कॉलोनी स्थित परमानंदजी गोविंदजीवाला ऑडिटोरियम में आयोजित किया गया।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ समारोह का शुभारंभ

जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं मध्यप्रदेश गान का सामूहिक गायन भी हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, अध्यक्ष श्री मनोज माने, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री विवेक कुमार, सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा, अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी एवं नागरिकगण उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि आज हम प्रदेश की 71वीं वर्षगांठ मना रहे हैं और इस गौरवशाली विकास यात्रा के साक्षी हैं। देश और प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हो रहा है तथा सर्वांगीण विकास को लेकर विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ ही शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने का प्रयास जारी है। उन्होंने नागरिकों से प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, जल संरक्षण करने तथा पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण में भी सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से ही हम अपने प्रदेश को और बेहतर बना सकते हैं।
वहीं बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी सांस्कृतिक विविधता के साथ-साथ प्राकृतिक संपदा के लिए भी विशेष पहचान रखता है। विंध्याचल और सतपुड़ा की पहाड़ियां मध्यप्रदेश की पहचान है। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश, प्रदेश, नगर और आसपास के परिवेश से प्रेम करना चाहिए। अपनी विशेषताओं, सांस्कृतिक विरासत एवं ऐतिहासिक धरोहरों को पहचानते हुए उन पर गर्व करना चाहिए। स्थापना दिवस हमें प्रदेश के विकास, स्वच्छता एवं समृद्धि के लिए नए संकल्प लेने की प्रेरणा देता है। 
नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू ने कहा कि मध्यप्रदेश विभिन्न राज्यों की संस्कृतियों का सुंदर संगम है। प्रदेश के सभी जिलों की अपनी अलग-अलग विशेषताएं एवं विशिष्ट पहचान हैं। प्रत्येक जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भौगोलिक विरासत प्रदेश की समृद्धि को दर्शाती है। उन्होंने बुरहानपुर की ऐतिहासिक धरोहर असीरगढ़ किले का उल्लेख करते हुए कहा कि यह हमारा गौरवशाली इतिहास का प्रतीक है। हमें अपने प्रदेश के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं एवं धरोहरों को जानना और समझना चाहिए, ताकि इस समृद्ध विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।

इस अवसर पर महापौर श्रीमती माधुरी पटेल ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नागरिकों से अपने शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में मध्यप्रदेश राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और इसी विकास यात्रा का हिस्सा बुरहानपुर भी है। 

इसी कड़ी में कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने मध्यप्रदेश स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज ही के दिन वर्ष 1956 में मध्यप्रदेश राज्य का गठन हुआ था। मध्यप्रदेश को भारत का हृदय कहा जाता है। यहां की संस्कृति, अपनापन और विविधता पूरे देश को एक सूत्र में बांधती है। प्रदेश अनेकता में एकता का सजीव उदाहरण है। उन्होंने बुरहानपुर का उल्लेख करते हुए कहा कि ताप्ती नदी के किनारे बसा यह ऐतिहासिक नगर दक्षिण के द्वार के नाम से भी अपनी पहचान बनाये हुए है। शाही किला, असीरगढ़ किला और कुंडी भंडारा जैसी ऐतिहासिक एवं स्थापत्य कला की अनमोल धरोहरें बुरहानपुर की गौरवशाली विरासत को दर्शाती हैं। उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों को शोध का महत्व बताते हुए प्रोत्साहित भी किया। 

*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां*

स्थापना दिवस समारोह में विद्यार्थियों एवं कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से मध्यप्रदेश की कला, संस्कृति, लोक परंपराओं एवं विविधता की मनमोहक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में मैक्रोविजन एकेडमी, सावित्रीबाई फुले शास. कन्या उ.मा. विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर उ.मा. विद्यालय, आशा निकेतन उ.मा. विद्यालय, नेहरू मांटेसरी उ.मा. विद्यालय, जनजातीय कार्य विभाग अंतर्गत शासकीय छात्रावासों के विद्यार्थियों तथा नेपानगर जागृति कला केंद्र के कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। उपस्थितजनों ने तालियों के साथ विद्यार्थियों एवं कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

*प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत*

कार्यक्रम के समापन अवसर पर अतिथियों द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चयनित प्रतिभागियों एवं विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग, स्वराज संस्थान संचालनालय अंतर्गत स्थापित श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा आयोजित भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना के तहत शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय खकनार के छात्र गोपाल चौहान, स्वामी विवेकानंद कॉलेज इंदौर के छात्र एवं तिलक चौराहा निवासी अथर्व वर्मा तथा एसएनपीजी कॉलेज खंडवा के छात्र एवं पांगरी निवासी सुब्बु (सुभाष) निगवाल को एक-एक लाख रूपये की पुरस्कार राशि के चेक देकर सम्मानित किया गया। 

*किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेताओं को किया सम्मानित* 

किसान कल्याण तथा कृषि विभाग कृषि अंभियांत्रिकी द्वारा किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज का आयोजन 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक किया गया था। इस क्विज में विजेता प्रतिभागियों को स्थापना दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सावली रै. के पवन गढवे को ट्रैक्टर क्रय हेतु 7 लाख 26 हजार रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले ग्राम लोनी के अक्षय महाजन को बुलेट हेतु 1 लाख 68 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले ग्राम सिरसोदा के निलेश चौधरी को ई-स्कूटी हेतु 1 लाख 20 हजार रुपये की सांकेतिक चाबियां सौपी गयी। इस अवसर पर ग्राम फतेपुर एवं पातोंडा के पात्र किसानों को उन्नत बीज (16 किलोग्राम) वितरित किये गये। कृषक कल्याण वर्ष के तहत प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित एवं कल्याण के लिये विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों से उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। 

इस अवसर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पवन गढवे ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्हें क्विज प्रतियोगिता की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी। इसके बाद उन्होंने आवेदन कर प्रश्नों को हल किया और प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्होंने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन का आभार माना।

*विभागीय प्रदर्शनी का किया अवलोकन*

स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण आहार प्रदर्शनी लगाई गई। अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद भी चखा। इसके साथ ही अन्य विभागों द्वारा भी विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई, जिनका अतिथियों ने अवलोकन कर जानकारी प्राप्त की। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटिल द्वारा उपस्थितजनों को समृद्ध, सशक्त एवं विकसित मध्यप्रदेश के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प दिलाया गया।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.