बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर बुरहानपुर में गूंजा जनजातीय गौरव का संदेश, 1500 से अधिक लोग हुए शामिल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां।
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जिले में भव्यता के साथ मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस
नेहरू स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में शामिल हुए नागरिकगण
जनजातीय वीरों के बलिदान एवं स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को किया याद, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस जिले में उत्साह, उमंग एवं भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नेहरू स्टेडियम, बुरहानपुर में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, वनवासी कल्याण परिषद से मुख्य वक्ता श्री तिलकराज डांगी, अध्यक्ष श्री मनोज माने, अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर श्री विवेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेंडे,अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं करीबन 1500 से अधिक नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थितजनों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के लाइव संबोधन का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना। इस दौरान उपस्थितजनों ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष पर आधारित लघु फिल्म भी देखी। फिल्म के माध्यम से उनके त्याग, संघर्ष एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रदर्शित किया गया।
विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस ने अपने संबोधन में जनजातीय समाज के संघर्ष, योगदान एवं गौरवशाली परंपराओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज अपनी धरती, मिट्टी, जल एवं पर्यावरण की रक्षा के लिए सदैव आगे रहे है। भारत विविध संस्कृतियों वाला देश है, जहां विभिन्न समाजों के लोग आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ रहते हैं। हमें अपने देश और संस्कृति पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए युवाओं एवं विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्य वक्ता श्री तिलकराज डांगी ने कहा कि जनजातीय समाज का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। 15 नवम्बर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत हुई। यह दिवस जनजातीय समाज के विकास, कल्याण, गौरवशाली इतिहास एवं योगदान को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि जनजातीय वीरों एवं वीरांगनाओं के संघर्ष, बलिदान और उनके गौरवशाली इतिहास से नई पीढ़ी को परिचित कराना आवश्यक है। जनजातीय समाज की अपनी विशिष्ट संस्कृति, परंपराएं एवं विशेषताएं हैं।
इसी कड़ी में कलेक्टर श्री विवेक कुमार ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारे जनजातीय वीरों ने देश के लिए अतुलनीय कार्य किए हैं। उनके जीवन और संघर्ष से हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने सभी से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास एवं संस्कृति को जानने और उससे प्रेरणा लेकर जिले के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने आयोजन को और भी भव्य एवं यादगार बनाया। इसी क्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों, बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित एवं हितग्राहियों को हितलाभ वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों से महिला-पुरुष, स्कूली बच्चे एवं गणमान्य नागरिकगण भी मौजूद रहे। जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति एवं राष्ट्र निर्माण में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करने का अवसर है।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं
एक टिप्पणी भेजें