A description of my image rashtriya news जंगल बचेंगे तो वन्यजीव बचेंगे: क्विज से गांवों तक पहुंचा संरक्षण का संदेश - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

जंगल बचेंगे तो वन्यजीव बचेंगे: क्विज से गांवों तक पहुंचा संरक्षण का संदेश

जंगल बचेंगे तो वन्यजीव बचेंगे: क्विज से गांवों तक पहुंचा संरक्षण का संदेश

वन्यजीव संरक्षण सप्ताह में वन विभाग की पहल; नावरा और नेपानगर में विद्यार्थियों की क्विज, छह गांवों में बाइक रैली निकालकर किया जागरूक

बुरहानपुर। वन्यजीवों के संरक्षण और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के लिए जिले में वन्यजीव संरक्षण सप्ताह मनाया जा रहा है। 1 से 7 अक्टूबर तक चल रहे सप्ताह की इस वर्ष की थीम “Connecting Habitats, Thriving Wildlife” यानी “संबंध पर्यावास-समृद्ध वन्यजीव” रखी गई है। इसके तहत वनमंडल बुरहानपुर के नावरा और नेपानगर वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।

स्कूलों में हुई वन्यजीवों पर क्विज

नावरा वन परिक्षेत्र के शासकीय हाईस्कूल गोराडिया में कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए वन्यप्राणियों से संबंधित क्विज प्रतियोगिता कराई गई। विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन कर संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।

प्रतियोगिता में सुकलाल पिता मुनसिंह ने प्रथम, रागिनी श्रीराम ने द्वितीय और पंखुड़ी पिता मनोज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया।

नावरा रेंजर पुष्पेंद्र जादौन के निर्देशन में वनपाल वीरेंद्र सरोनिया, वनरक्षक मोहम्मद सलमान, जितेंद्र कुशवाह और नेहा राठौर ने प्रतियोगिता का आयोजन किया।

छह गांवों में बाइक रैली, शिकार नहीं करने का दिया संदेश

वन्यजीव संरक्षण को लेकर नावरा वन परिक्षेत्र के वन अमले ने गांवों में बाइक रैली निकाली। वनकर्मी बाइक पर सवार होकर हिवरा, हैदरपुर, घाघरला, डालमहू, नावरा और डाभियाखेड़ा पहुंचे।

रैली के माध्यम से ग्रामीणों को वन्यप्राणियों का शिकार नहीं करने, उनके प्रति दयाभाव रखने और मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व बनाए रखने का संदेश दिया गया। वन अमले ने ग्रामीणों से वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील भी की।

रैली में रामसिंग निरंजन, रवि वर्मा, सुरेंद्र यादव, संदीप कुशवाह, रावेश भास्करे, रूपेश बोरखेड़े, भारत वास्कले, गोकुल मंडलोई, साहुल सोलंकी, सुरेश वानखेड़े सहित वन विभाग का अमला मौजूद रहा।

नेपानगर में भी विद्यार्थियों ने परखी वन्यजीवों की जानकारी

वन परिक्षेत्र नेपानगर के पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए वन्यप्राणी संबंधी क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतियोगिता में कक्षा 12वीं की अंकिता ने प्रथम, कक्षा 11वीं के यश जायसवाल ने द्वितीय और कक्षा 11वीं की वैष्णवी राठोड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

एसडीओ नेपानगर विक्रम सूलिया के मार्गदर्शन में वनपाल चंदर बघेल, दिनेश रावत, सलिता कास्डेकर, अभिलाषा रघुवंशी और ऋषि निशोद ने प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को वन्यप्राणियों के महत्व और उनके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी गई।

वन्यजीव बचाने के लिए जागरूकता जरूरी

वन विभाग की इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों और ग्रामीणों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनाना तथा जंगल और वन्यप्राणियों के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए जागरूक करना है। क्विज से जहां विद्यार्थियों में वन्यजीवों के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया गया, वहीं बाइक रैली के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में सीधे संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.