गणेश उत्सव समितियों को QR Code प्रणाली की दी जा रही जानकारी, पंडालों में चस्पा किए जा रहे QR Code पंपलेट।
गणेश उत्सव समितियों को QR Code प्रणाली की दी जा रही जानकारी, पंडालों में चस्पा किए जा रहे QR Code पंपलेट।
सुरक्षा संबंधी जानकारी, आवश्यक दिशा-निर्देश एवं पुलिस तक सूचना पहुंचाने में उपयोगी होगी QR Code प्रणाली
गणेश उत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुरहानपुर पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं जनसुलभ बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस द्वारा गणेश उत्सव समितियों के सदस्यों को QR Code स्कैन प्रणाली के संबंध में जागरूक किया जा रहा है तथा गणेश पंडालों में QR Code वाले पंपलेट चस्पा किए जा रहे हैं।
यह पहल पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन में अति.पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री विनोद सिंह कुशवाह के मार्गदर्शन में की जा रही है। पुलिस
अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को QR Code के उपयोग, उसे स्कैन करने की प्रक्रिया तथा इससे उपलब्ध होने वाली सुरक्षा संबंधी जानकारी के बारे में समझाया जा रहा है।
*QR Code प्रणाली के प्रमुख उद्देश्य*
गणेश पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना।
पुलिस द्वारा जारी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देशों एवं सावधानियों से आमजन को अवगत कराना।
किसी भी आपात स्थिति अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या की स्थिति में आवश्यक सूचना पुलिस तक पहुंचाने में सुविधा प्रदान करना।
पंडाल संचालकों को सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना।
गणेश उत्सव के दौरान यातायात व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन एवं महिला-बालिका सुरक्षा से संबंधित जागरूकता को बढ़ावा देना।
डिजिटल माध्यम से पुलिस एवं आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना।
*पंडालों में चस्पा किए जा रहे QR Code पंपलेट*
बुरहानपुर पुलिस द्वारा गणेश उत्सव समितियों के सहयोग से प्रमुख गणेश पंडालों में QR Code पंपलेट चस्पा किए जा रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा समिति के सदस्यों को बताया जा रहा है कि श्रद्धालु एवं नागरिक QR Code को अपने मोबाइल फोन से स्कैन कर उपलब्ध जानकारी एवं आवश्यक सुरक्षा संदेशों का लाभ ले सकते हैं।
पुलिस द्वारा पंडाल संचालकों को यह भी निर्देशित किया जा रहा है कि QR Code पंपलेट को ऐसे स्थान पर लगाया जाए, जहां श्रद्धालुओं को वह आसानी से दिखाई दे और आवश्यकता पड़ने पर स्कैन किया जा सके।
*पंडाल संचालकों को सुरक्षा संबंधी आवश्यक निर्देश*
गणेश उत्सव समितियों को पंडालों में विद्युत वायरिंग की सुरक्षित व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, प्रवेश एवं निकासी मार्ग को खुला रखने, भीड़ को नियंत्रित करने तथा पंडाल को लंबे समय तक खाली न छोड़ने संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
साथ ही समितियों से अपील की जा रही है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद, अव्यवस्था अथवा सुरक्षा संबंधी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
*पुलिस एवं जनता के बीच सहयोग को मिलेगा बढ़ावा*
बुरहानपुर पुलिस का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करना है। गणेश उत्सव के दौरान पुलिस द्वारा लगातार पंडालों एवं प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की निगरानी की जा रही है।
बुरहानपुर पुलिस की अपील है कि गणेश उत्सव को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण बनाने में सभी गणेश उत्सव समितियां, श्रद्धालु एवं नागरिक पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं