A description of my image rashtriya news पॉलीथिन फैक्ट्री पर नगर निगम का छापा, 6.80 क्विंटल सामग्री जब्त! - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

पॉलीथिन फैक्ट्री पर नगर निगम का छापा, 6.80 क्विंटल सामग्री जब्त!

पॉलीथिन पर नगर निगम का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’! योगेश पैकेजिंग फैक्ट्री पर छापा, 6 क्विंटल 80 किलो सामग्री जब्त

हाईटेक मशीनों से बन रही थी प्रतिबंधित पॉलीथिन, निगम टीम ने लगाया ₹15 हजार का जुर्माना; कार्रवाई से मचा हड़कंप

बुरहानपुर। प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक और अमानक पॉलीथिन के खिलाफ नगर निगम बुरहानपुर ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए आलमगंज क्षेत्र में संत टेरेसा स्कूल के सामने स्थित योगेश पैकेजिंग फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पहुंची निगम की टीम ने फैक्ट्री की जांच की, जहां प्रतिबंधित पॉलीथिन बैग तैयार किए जाने का मामला सामने आया।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम टीम ने फैक्ट्री से करीब 6 क्विंटल 80 किलो अमानक प्लास्टिक पॉलीथिन बनाने की सामग्री जब्त की। बताया गया कि फैक्ट्री में हाईटेक मशीनों के माध्यम से प्रतिबंधित पॉलीथिन बैग और कैरी बैग तैयार किए जा रहे थे। निगम टीम ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए संचालक पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव के निर्देश एवं सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा के निर्देशन में की गई। निगम अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री में लंबे समय से अमानक पॉलीथिन बैग के निर्माण की शिकायतें सामने आ रही थीं। सूचना मिलने के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद की।

पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा इससे पहले भी सिंगल यूज पॉलीथिन बैग के गोदामों और फैक्ट्रियों पर छापामार कार्रवाई की जा चुकी है। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई थी। निगम ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का निर्माण, भंडारण और उपयोग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने कहा कि हाईकोर्ट एवं मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार सिंगल यूज प्लास्टिक से बनी प्रतिबंधित सामग्री के उपयोग पर रोक है। बाजारों और दुकानों में पॉलीथिन के उपयोग पर जुर्माना लगाया जा रहा है। साथ ही प्रतिबंधित प्लास्टिक का निर्माण करने वाले छोटे-बड़े कारखानों पर भी छापामार कार्रवाई कर उत्पादन बंद कराया जा रहा है।

कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा, उप स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल, सेक्टर अधिकारी संजय चौधरी, प्रभारी वार्ड सुपरवाइजर रूपा धामने, सिद्धार्थ मानक, सतीश बोयत सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

नगर निगम की इस कार्रवाई से प्रतिबंधित पॉलीथिन का निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है। निगम ने संकेत दिए हैं कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.