नाली अधूरी, सड़क पर गंदा पानी! साईंखेड़ा खुर्द में पंचायत की सफाई व्यवस्था पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश
नाली अधूरी, सड़क पर गंदा पानी! साईंखेड़ा खुर्द में पंचायत की सफाई व्यवस्था पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश।
रिपोर्ट प्रदीपसिंह
साईंखेड़ा खुर्द। एक ओर पूरे देश में स्वच्छता अभियान के तहत “स्वच्छ रहें, स्वस्थ रहें” का संदेश दिया जा रहा है, वहीं नेपानगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत साईंखेड़ा खुर्द के वार्ड क्रमांक 13 और 14 में अधूरे नाली निर्माण के चलते ग्रामीणों को गंदगी और जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार नाली निर्माण अधूरा होने के कारण घरों से निकलने वाला गंदा पानी गलियों और सड़क पर बह रहा है। इससे रास्तों पर गंदगी फैलने के साथ मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे-छोटे बच्चे कई बार गंदे पानी में गिर जाते हैं, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिकायतों के बावजूद समस्या जस की तस
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि हर बार उन्हें जल्द काम कराने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन मौके पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं, तो उनके वार्ड में गंदा पानी सड़कों पर बहने की समस्या का समाधान आखिर कब होगा?
सरपंच से चर्चा के लिए नहीं पहुंचे
ग्रामीणों की समस्या को लेकर सरपंच से चर्चा करने का प्रयास किया गया। सरपंच ने पंचायत में आने की बात कही, लेकिन बाद में वे पंचायत में चर्चा के लिए नहीं पहुंचे। इसके चलते ग्रामीणों को अपनी समस्या का जवाब सीधे सरपंच से नहीं मिल सका।
सहायक सचिव ने बताई नाली अधूरी होने की वजह
इस मामले में सहायक सचिव प्रकाश इंगले से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि नाली निर्माण अधूरा रहने का एक कारण वहां स्थित एक मकान का अतिक्रमण है। उनके अनुसार संबंधित व्यक्ति को कई बार अतिक्रमण हटाने के लिए कहा गया है। अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर नोटिस देकर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाया जाएगा, जिसके बाद नाली निर्माण पूरा कराया जाएगा।
सहायक सचिव ने यह भी बताया कि नए सचिव ने हाल ही में पंचायत का कार्यभार संभाला है। उनका खाता खुलने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद लगभग 10 से 15 दिनों के पश्चात नाली निर्माण का कार्य शुरू कराने की बात कही गई है।
अब देखना होगा कि पंचायत द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद वार्ड क्रमांक 13 और 14 के ग्रामीणों को गंदे पानी और जलभराव की समस्या से कब तक राहत मिलती है।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं