A description of my image rashtriya news प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिला प्रशासन के साथ की समीक्षा - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिला प्रशासन के साथ की समीक्षा

प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जिला प्रशासन के साथ की समीक्षा

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान में ‘संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी’ पर विशेष जोर

हर घर तिरंगा एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश।

बुरहानपुर- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संकल्पित है। प्रत्येक पात्र हितग्राही तक शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। यह बात जल संसाधन विभाग एवं बुरहानपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने गुरुवार सायंकाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला प्रशासन के साथ बैठक कर ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान एवं ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की तैयारियों एवं क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने अभियानों को जनभावनाओं से जोड़ते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार, प्रभावी क्रियान्वयन तथा अधिकाधिक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनता के बीच पहुंचें, समस्याएं सुनें और समाधान सुनिश्चित करें

प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि प्रदेश सहित बुरहानपुर जिले में ‘‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ प्रारंभ किया जा रहा है। अभियान को शासन की मंशा के अनुरूप पूर्ण गंभीरता, संवेदनशीलता और जन-केंद्रित दृष्टिकोण के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक शुक्रवार नागरिकों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद किया जाए। नागरिकों की समस्याओं एवं सुझावों को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और यथासंभव मौके पर ही समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। 
उन्होंने कहा कि ‘‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’’ के चार प्रमुख स्तंभ ‘संवाद, समाधान, संवेदनशीलता एवं सादगी’ हैं। इन्हीं मूल भावनाओं के साथ अभियान को प्रभावी स्वरूप दिया जाए, ताकि शासन और जनता के बीच विश्वास का संबंध और मजबूत हो।

हर घर तिरंगा’ बनेगा जनभागीदारी का राष्ट्रव्यापी उत्सव

प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिले में व्यापक जन-जागरूकता एवं जन-सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को जन-जन का अभियान बनाया जाए। उन्होंने अभियान में वरिष्ठ नागरिकों, सेवानिवृत्त सैनिकों, युवाओं, व्यापारी संगठनों, समाजसेवी संस्थाओं, विद्यार्थियों एवं नागरिकों को सक्रिय रूप से जोड़ने के निर्देश दिए। 

एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान में बढ़ाएं जनभागीदारी

प्रभारी मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की इस पहल को अधिकाधिक जनभागीदारी से सफल बनाया जाए। अभियान के अंतर्गत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं एवं विभिन्न संगठनों को जोड़ते हुए पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
प्रभारी मंत्री श्री सिलावट ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियानों के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यवस्थित कार्य-योजना तैयार कर समयबद्ध तरीके से कार्यवाही सुनिश्चित करें। साथ ही अभियानों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सांसद श्री ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू, महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गंगाराम मार्काे सहित अन्य जनप्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से जुड़े। वहीं एनआईसी कक्ष से कलेक्टर श्री हर्ष सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी, सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.