A description of my image rashtriya news पीएमएफएमई योजना से बदली किसान की किस्मत! टिटगांव के पंकज महाजन की ग्रेडिंग यूनिट से बढ़ी आय, कलेक्टर हर्ष सिंह ने किया निरीक्षण - Rashtriya News Khabre Desh Prdesh Ki

Header Ads

पीएमएफएमई योजना से बदली किसान की किस्मत! टिटगांव के पंकज महाजन की ग्रेडिंग यूनिट से बढ़ी आय, कलेक्टर हर्ष सिंह ने किया निरीक्षण

पीएमएफएमई योजना से जिले के हितग्राही हो रहे लाभान्वित

लाभार्थी श्री पंकज ग्रेडिंग यूनिट से कमा रहे है अच्छा मुनाफा

कलेक्टर श्री सिंह ने ग्राम टिटगांव में ग्रेडिंग यूनिट का किया निरीक्षण

प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को सशक्त बनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा किसानों एवं उद्यमियों की आय में वृद्धि करने में प्रभावी भूमिका निभा रही है। जिले में इस योजना के माध्यम से हितग्राही स्वरोजगार की दिशा में सफलतापूर्वक आगे बढ़ रहे हैं।

इसी क्रम में ग्राम टिटगांव के कृषक एवं हितग्राही श्री पंकज महाजन द्वारा पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत प्राप्त अनुदान से स्थापित ग्रेडिंग यूनिट का गुरूवार को कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने यूनिट में संचालित कार्यों एवं मशीनों के माध्यम से की जा रही ग्रेडिंग प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा लाभार्थी से यूनिट की स्थापना, संचालन एवं विपणन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने अनाज को हाथों में लेकर उसकी गुणवत्ता, आकार एवं रंग का अवलोकन करते हुए ग्रेडिंग कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसी इकाइयाँ किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य दिलाने में सहायक है।

हितग्राही श्री पंकज ने बताया कि पीएमएफएमई योजना के तहत लगभग 5.80 लाख रुपये से अधिक अनुदान के सहयोग से ग्रेडिंग यूनिट की स्थापना की गयी। यूनिट में गेहूँ, तुअर, चना, सोयाबीन सहित विभिन्न प्रकार के अनाजों की ग्रेडिंग एवं पैकेजिंग की जाती है। 

तैयार उत्पादों का विक्रय स्थानीय बाजार के साथ-साथ अन्य जिलों तथा महाराष्ट्र के भुसावल एवं जलगांव तक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रेडिंग कार्य में उपयोग होने वाली आधुनिक मशीनें हरियाणा से मंगाई गई हैं। यूनिट के संचालन के साथ ही वे कृषि कार्य से भी जुड़े हैं। इस व्यवसाय से उन्हें अच्छा लाभ प्राप्त हो रहा है।

उल्लेखनीय है कि ग्रेडिंग प्रक्रिया के माध्यम से अनाज में मौजूद टूटे, खराब एवं अशुद्धियों को अलग कर गुणवत्तायुक्त अनाज तैयार किया जाता है, जिससे उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ती है और बेहतर बाजार मूल्य प्राप्त होता है।

कोई टिप्पणी नहीं

Blogger द्वारा संचालित.