बुरहानपुर में औद्योगिक विकास की बड़ी तैयारी! कलेक्टर हर्ष सिंह ने रेहटा-खड़कोद और सुखपुरी इंडस्ट्रियल बेल्ट का किया निरीक्षण।
औद्योगिक क्षेत्र रेहटा एवं सुखपुरी का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
बुरहानपुर/ प्रदेश सरकार की औद्योगिक विकास नीति के अनुरूप जिले में उद्योगों के विस्तार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्टर श्री हर्ष सिंह ने रेहटा-खड़कोद स्थित औद्योगिक क्लस्टर एवं सुखपुरी क्षेत्र का निरीक्षण कर विकास कार्यों और संभावनाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने उद्योग विभाग के अधिकारियों से औद्योगिक क्षेत्रों की प्रगति, भूमि की उपलब्धता तथा आवश्यक अधोसंरचना संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि औद्योगिक विकास से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाए।
उल्लेखनीय है कि सुखपुरी को इंडस्ट्रियल बेल्ट के रूप में विकसित करने के प्रयास जारी हैं। लगभग 63.06 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने के बाद यह बुरहानपुर जिले का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र होगा। वहीं लगभग 25.89 करोड़ रूपये की विकास लागत के रेहटा-खड़कोद औद्योगिक क्षेत्र एमपीआईडीसी के अंतर्गत है, जो कि 31.58 हेक्टेयर क्षेत्र में विस्तारित एवं जिसमें 155 प्लॉट है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने टिटगांव का भी भ्रमण किया। उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से चर्चा कर क्षेत्र की समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर श्री सृजन वर्मा, एसडीएम श्रीमती पल्लवी पुराणिक, जीएमडीआईसी श्री सोनी सहित उद्योग, राजस्व एवं पंचायत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं