किसानों, पावरलूम बुनकरों और जर्जर सड़कों के मुद्दे पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का हल्ला बोल, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
किसानों, पावरलूम बुनकरों और जर्जर सड़कों के मुद्दे पर लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) का हल्ला बोल, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
फसल मुआवजा, खाद वितरण, बुनकरों को बीमा लाभ और सड़क मरम्मत की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा लोजपा (रामविलास) का प्रतिनिधिमंडल।
बुरहानपुर
बुरहानपुर में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला उपाध्यक्ष शंकर पासी के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों, पावरलूम बुनकरों एवं जिले की जर्जर सड़कों से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि जिले के किसान और पावरलूम बुनकर लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे हैं। कोयला उत्पादक किसानों को अब तक फसल नुकसान का मुआवजा नहीं मिला है, जबकि खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जिले की कई सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, जिससे आमजन और किसानों का आवागमन प्रभावित हो रहा है।
लोजपा (रामविलास) ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि कोयला उत्पादक किसानों को शीघ्र फसल नुकसान का मुआवजा दिया जाए, खाद वितरण व्यवस्था को सरल और पारदर्शी बनाया जाए तथा किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए। इसके अलावा केंद्र सरकार की बीमा योजनाओं का लाभ स्थानीय पावरलूम बुनकरों तक भी पहुंचाया जाए।
पार्टी ने जिले की जर्जर एवं गड्ढायुक्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की भी मांग की, ताकि आम नागरिकों और किसानों को राहत मिल सके। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से आग्रह किया कि ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो पार्टी किसानों और बुनकरों के हित में आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाती रहेगी।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं