दुर्गा माता मंदिर मार्ग की रोशनी ठप, रात में आवागमन करने वालों को हो रही परेशानी
विधायक निधि से लगा सोलर पैनल बदहाल, कई दिनों से जमीन पर पड़ा; ग्रामीणों ने की तत्काल मरम्मत की मांग
दुर्गा माता मंदिर मार्ग की रोशनी ठप, रात में आवागमन करने वालों को हो रही परेशानी
बुरहानपुर। जिले के ग्राम हैदरपुर में विधायक निधि से लगाया गया सोलर पैनल पिछले कई दिनों से टूटकर जमीन पर पड़ा हुआ है। इसके कारण दुर्गा माता मंदिर परिसर एवं आसपास के मार्ग पर रात के समय अंधेरा छाया रहता है, जिससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि दुर्गा माता मंदिर तक जाने वाले रास्ते पर रोशनी की व्यवस्था के उद्देश्य से विधायक निधि से सोलर पैनल लगाया गया था। लेकिन पैनल टूटने के बाद से वह उपयोग में नहीं है और कई दिनों से जमीन पर ही पड़ा हुआ है। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभाग या जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इसकी मरम्मत या दोबारा स्थापना नहीं कराई गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं, महिलाओं और बुजुर्गों को अंधेरे में आवागमन करना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। लोगों ने मांग की है कि टूटे हुए सोलर पैनल की जल्द से जल्द मरम्मत कर उसे पुनः चालू किया जाए, ताकि मंदिर मार्ग पर फिर से रोशनी की व्यवस्था बहाल हो सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों से इस समस्या पर शीघ्र ध्यान देकर आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की है।
rashtriya news

कोई टिप्पणी नहीं