556 से अधिक आदिवासी विद्यार्थियों को मिली शिक्षा की नई उम्मीद।
रहमान फाउंडेशन ने वितरित की अध्ययन सामग्री।
बुरहानपुर। शेख खलील उर रहमान सज्जाद नोमानी साहब के मार्गदर्शन में रहमान फाउंडेशन शाखा बुरहानपुर (म.प्र.) द्वारा शिक्षा एवं सामुदायिक कल्याण के क्षेत्र में अपनी सतत सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए बाकडी,खकनार म.प्र. के 556 से अधिक विद्यार्थियों एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए अध्ययन सामग्री एवं आवश्यक उपयोगी वस्तुओं का वितरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
इस सेवा अभियान का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नोटबुक, कॉपियां तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई, जिससे वे अपनी पढ़ाई बिना किसी बाधा के जारी रख सकें।
कार्यक्रम में रहमान फाउंडेशन के कारी याकूब, मौलाना फ़ज़लुर्रहमान, सैयद इनाम, मज़हर शेख़, राशिद अली, जीशान एवं निसार हुसैन ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने शिक्षा, समान अवसर एवं सामुदायिक विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को मन लगाकर अध्ययन करने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया।
अध्ययन सामग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने रहमान फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समय पर मिली यह सहायता बच्चों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के समापन पर रहमान फाउंडेशन ने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण के माध्यम से समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों की निरंतर सेवा करने के अपने संकल्प को दोहराया।
आइए, शिक्षा और सेवा के माध्यम से मिलकर एक सशक्त, शिक्षित और संवेदनशील समाज का निर्माण करें।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं