ग्राम मोहद की कालिका माता मंदिर पहाड़ी पर 30 हजार पलाश के बीजों का किया रोपण।
ग्राम मोहद की कालिका माता मंदिर पहाड़ी पर 30 हजार पलाश के बीजों का किया रोपण।
बुरहानपुर, पर्यावरण संरक्षण और पहाड़ियों को हरा-भरा बनाने के संकल्प के साथ शनिवार को ग्राम मोहद स्थित कालिका माता मंदिर पहाड़ी पर विशाल बीजारोपण अभियान का आयोजन किया गया। डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत पहाड़ी पर 30 हजार पलाश के बीजों का रोपण किया गया।
इस पुनीत कार्य के लिए पलाश के बीज ‘‘साइनटेक इको फाउंडेशन, इंदौर’’ की ओर से निःशुल्क उपलब्ध कराए गए थे।
प्रशासनिक अमले से लेकर ग्रामीणों तक ने निभाया योगदान
इस वृहद अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों सहित समाज के हर वर्ग ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। बीजारोपण कार्य में डिप्टी कलेक्टर श्री अजमेर सिंह गौड़, तहसीलदार श्री जितेंद्र अलावा, सीएमओ श्री दिलीप चौहान, पर्यावरण मित्र श्री संजय राठौड़, अभिनव विद्यालय प्राचार्य श्री महेंद्र महाजन, विद्यालयीन स्टॉफ, विद्यार्थियों सहित क्षेत्र के करीबन 170 से अधिक प्रबुद्धजनों एवं ग्रामीणजनों द्वारा श्रमदान किया गया।
धरती को हरा-भरा रखना हमारा परम दायित्व
इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश पाटीदार ने कहा कि प्रकृति से हम केवल लेना जानते हैं, लेकिन अब समय है कि हम धरती माँ को कुछ लौटाएं। आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध हवा और पानी देना हमारा सबसे बड़ा दायित्व है।
हमें केवल बीजारोपण एवं पौधारोपण ही नहीं करना है, बल्कि उनकी रक्षा करनी है एवं समाज में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी लाना है।
पलाश एक ऐसा वृक्ष है, जिसके बीज पथरीली और कम पानी वाली ज़मीन पर भी बेहद सहजता और अनुकूलता के साथ अंकुरित होकर बढ़ जाते हैं।
इसके भगवा रंग के फूल न केवल पहाड़ी की सुंदरता बढ़ाएंगे, बल्कि यह स्थानीय जलस्तर को सुधारने में भी मददगार साबित होगा। कार्यक्रम के समस्त अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणजनों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प भी लिया।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं