नशे के खिलाफ बुरहानपुर पुलिस का डिजिटल वार! 'नशे से दूरी है जरूरी 2.0' अभियान के लिए इन्फ्लुएंसर्स को जोड़ा साथ
नशे से दूरी है जरूरी" 2.0 जन-जागरूकता अभियान के सफल संचालन हेतु बुरहानपुर पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की बैठक संपन्न।
15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक जिलेभर में चलेगा विशेष जन-जागरूकता अभियान
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के बढ़ते उपयोग एवं उसके दुष्परिणामों के प्रति आमजन, विशेषकर युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से "नशे से दूरी है जरूरी" 2.0 जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 15 जुलाई 2026 से 30 जुलाई 2026 तक जिला बुरहानपुर में व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।
अभियान पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर आशुतोष बागरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे एवं नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में जिलेभर में संचालित होगा।
अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकाधिक जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आज दिनांक 13.07.2026 को नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम, बुरहानपुर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में उपस्थित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से अपील की गई कि वे अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा समाज को नशे के दुष्परिणामों एवं उससे बचाव के उपायों के संबंध में जागरूक करें।
बैठक में दिए गए प्रमुख संदेश एवं निर्देश
नशे की लत व्यक्ति, परिवार एवं समाज के लिए अत्यंत घातक है।
युवाओं को नशे से दूर रहने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए।
सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान के वीडियो, पोस्टर, रील, जागरूकता संदेश एवं गतिविधियों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए।
नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी आमजन तक पहुँचाई जाए।
अभिभावकों से अपील की जाए कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखें तथा उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
किसी भी प्रकार की नशे से संबंधित अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने हेतु नागरिकों को प्रेरित किया जाए।
सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करते हुए युवाओं को खेल, शिक्षा, रोजगार एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का संदेश प्रसारित किया जाए।
अभियान के दौरान जिलेभर में विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं ग्रामों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रैलियों, नुक्कड़ नाटकों, शपथ कार्यक्रमों, जनसंवाद, पोस्टर एवं पम्पलेट वितरण सहित विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरूक किया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण करते हुए युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की ओर प्रेरित करना है।
बैठक के अंत में नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल एवं थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक नीता देयरवाल ने सभी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से अभियान को जन-जन तक पहुँचाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज, पुलिस, मीडिया एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के संयुक्त प्रयासों से ही नशे के विरुद्ध प्रभावी जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता है तथा एक सुरक्षित एवं नशामुक्त बुरहानपुर का निर्माण किया जा सकता है।
rashtriya news
कोई टिप्पणी नहीं